माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक बार फिर अतीक अहमद के करीबियों खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रयागराज विकास प्राधिकरण व राजकीय आस्थान की टीम ने मंगलवार को बेली गांव में शातिर अपराधियों राशिद व कम्मू-जाबिर के मकानों पर बुलडोजर चलवाया। इनमें दो निर्माण ऐसे थे, जो पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान पूरी तरह से ध्वस्त नहीं किए जा सके थे। एक मकान को पूरी तरह से ध्वस्त कराकर राजकीय आस्थान की जमीन पर पुन: कब्जा प्राप्त किया गया। जबकि दो अन्य पर आगे कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई। वहीं, राशिद के मकान पर कार्रवाई का विरोध भी किया गया। महिलाओं ने सड़क धरना देते हुए नारेबाजी की। इसमें बच्चे भी शामिल थे।