-
स्कूल का हाल देखने जा रहे सोमनाथ भारती को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे
-
आप विधायक ने जताया विरोध, कहा-लोकतंत्र का गला घोट रही प्रदेश सरकार
प्रयागराज। लखनऊ में मनीष सिसोदिया के बाद प्रयागराज में शहर पश्चिमी विधान सभा के बक्सी मोड़ा गांव में स्कूलों का निरीक्षण करने जा रहे आप विधायक सोमनाथ भारती को पुलिस ने करामत चौकी के आगे अंधीपुर गांव में रास्ते में ही रोक दिया। इससे नाराज विधायक धरने पर बैठ गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। बाद में डीएम से वार्ता कर बुधवार को निरीक्षण का आश्वासन मिलने के बाद विधायक सहित आप कार्यकर्ता लौट गए।
विधायक सुबह सर्किट हाउस से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तीन वाहनों से प्रदेश सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के विधानसभा क्षेत्र के बक्सी मोड़ा इलाके में स्कूल का निरीक्षण करने जा रहे थे। करामत की चौकी के आगे बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने रोक लिया। इस पर विधायक कार्यकर्ताओं के साथ वहीं धरने पर बैठ गए। इससे रास्ता भी जाम हो गया। पुलिस के अफसरों ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर वापस जाने को कहा। लेकिन, विधायक अड़े रहे।