फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्दनाक: यूपी पुलिस ने ईमानदारी से किया होता काम... तो शायद न जाती दोस्तों की जान; एक बाइक पर 67 KM चले चारों

Mon, 14 Oct 2024 03:08 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
विज्ञापन
1 of 8
aligarh accident - फोटो : अमर उजाला
एक बाइक पर चार युवक सवार थे। बुलंदशहर के गांव दौलतपुर खुर्द से चलकर पहले डिबाई आए और फिर अलीगढ़। यहां से वापस लौटते वक्त जवां में हादसा हुआ। इन लोगों ने 67 किलोमीटर का सफर तय किया है। इस बीच डिबाई कोतवाली, थाना छतारी और जवां पड़े। 

पुलिस चौकी पंडावल और सीडीएफ के क्षेत्र से भी यह लोग गुजरे। लेकिन हैरानी की बात देखिए कि एक बाइक पर सवार चार युवक किसी को नजर ही नहीं आए। अगर कहीं भी पुलिस वालों ने इन्हें रोक लिया होता तो शायद यश, रवि, विकास और सुनील की जान न जाती।
विज्ञापन

2 of 8
मृतक रवि का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर जिले में डिबाई थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर खुर्द निवासी चार दोस्त विकास, यश, रवि और सुनील अपने गांव से शनिवार की रात को 9 बजे एक बाइक पर सवार होकर डिबाई तक जाने के लिए घर से निकले थे। घर वालों से कहा था कि डिबाई में दशहरा मेला देखने के लिए जा रहे हैं। 

इनके गांव से डिबाई करीब 10 किलोमीटर दूर है। इस बीच में भी पुलिस चेकिंग प्वाइंट पड़े होंगे। लेकिन एक बाइक पर सवार चार युवकों को किसी ने नहीं रोका। यह लोग डिबाई तक पहुंच गए। डिबाई में मेला देखने के बाद यह चारों दोस्त अलीगढ़ तक आ गए। 

 
विज्ञापन

3 of 8
मृतक सुनील का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
इस तरह करीब 35 किलोमीटर का सफर भी किया। मगर पुलिस ने इन्हें नहीं रोका। अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर अलीगढ़ से जवां तक करीब 22 किलोमीटर तक बाइक दौड़ाई, लेकिन कहीं भी पुलिस की नजर इन पर नहीं पड़ी। हाईवे पर खड़ी ट्राली से भिड़ंत के बाद चारों की जान चली गई। करीब 67 किलोमीटर के रास्ते में पुलिस इन युवकों को कही भी रोकती तो यह हादसा बच सकता था।

4 of 8
मृतक विकास का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
इकलौता पुत्र था यश
हादसे में जान गंवाने वाला यश (18) इकलौता पुत्र था, उसकी 15 वर्षीय बहन पायल है। विकास (19) का एक बड़ा भाई आकाश और दो छोटी बहनें नेहा और मीनू हैं। रवि (20) का भाई नवनीत और बहन सीमा दोनों उससे बड़े हैं। सुनील (22) के तीन बड़े भाई विवेक, सतेंद्र, पुष्पेंद्र और एक छोटा भाई वीरेश है। सबसे छोटी बहन सविता है। चारों दोस्तों के पिता खेती-किसानी करते हैं।
विज्ञापन

5 of 8
मृतक यश का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
बड़ा सवाल : अलीगढ़ क्यों आए चारों दोस्त
अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर जान गंवाने वाले चारों दोस्त शनिवार की रात बाइक पर सवार होकर अलीगढ़ आए थे। अलीगढ़ से लौटते समय हादसा होने की बात युवकों के परिजन तथा पुलिस अधिकारी मान रहे हैं। अलीगढ़ में पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे यश के पिता प्रदीप शर्मा और रवि के पिता श्याम सिंह ने कहा कि उनके पुत्रों का कोई दोस्त या परिचित अलीगढ़ में रहता है, यह उनकी जानकारी में नहीं है। कहीं से भी यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि चारों दोस्त अलीगढ़ क्यों आए थे।
 
विज्ञापन

6 of 8
aligarh accident - फोटो : अमर उजाला
एक बाइक पर घूम रहे चार युवकों की चेकिंग न होना गंभीर मामला है। इसकी जांच की जाएगी। दुखद हादसे की जानकारी होने के बाद जोन में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़कों पर खराब वाहनों के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने के लिए भी कहा है।-प्रभाकर चौधरी, डीआईजी
 
विज्ञापन

7 of 8
aligarh accident - फोटो : अमर उजाला
खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकराई बाइक, चार दोस्तों की गई जान
अलीगढ़ के जवां में शनिवार की रात करीब दो बजे सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। चारों गांव दौलतपुर खुर्द थाना डिबाई जिला बुलंदशहर के निवासी थे। मृतकों की पहचान विकास (19) पुत्र हरिओम शर्मा, यश (18) पुत्र प्रदीप शर्मा, रवि (20) पुत्र श्याम सिंह और सुनील (22) पुत्र लक्खी सिंह के रूप में हुई है। चारों दोस्त थे। बताते हैं कि शनिवार की रात करीब नौ बजे यह चारों डिबाई में रावण मेला देखने जाने की बात कहकर अपने-अपने घरों से निकले थे। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। 

 
विज्ञापन

8 of 8
aligarh accident - फोटो : अमर उजाला
रात करीब 11 बजे यह सभी डिबाई से लौटे, लेकिन अपने गांव जाने के बजाय अलीगढ़ चले गए। वहां से देर रात चारों अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब दो बजे सीडीएफ चौकी के पास सड़क पर खराब खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से उनकी बाइक टकरा गई। इससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर चारों को जेएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया जहां चारों की मौत हो गई। बाइक नंबर के जरिये परिवार का पता लगाकर पुलिस ने खबर दी तो चारों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने चारों के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें