फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Bus Accident: पारुल के पति ने कहा था-दो दिन बाद कार से चलेंगे, नहीं मानीं...बेटे संग गई जान; भाई की थी शादी

Fri, 22 Nov 2024 01:16 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे कोहरे के बीच एक भीषण हादसे में टूरिस्ट बस सवार दिल्ली निवासी एक ट्रांसपोर्टर की पत्नी और उनके छह माह के बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। 
विज्ञापन
1 of 8
UP Bus Accident - फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हुई ट्रांसपोर्टर की पत्नी पारुल के छोटे भाई की शादी 25 नवंबर को थी। उसमें जाने के लिए वह काफी उत्साहित थीं। पति ने काफी समझाया कि दो दिन बाद कार से चलेंगे लेकिन वह नहीं मानीं और जिद पर अड़ गई। शादी में शामिल होने के लिए वह बेटे, बहन और बड़े भाई के साथ अंबेडकर नगर जा रही थीं। बुधवार की रात यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे में बेटे संग उनकी जान चली गई।

मृत पारुल गिरी के पति प्रमोद गिरी ने बताया कि पारुल के छोटे भाई की 25 नवंबर को अंबेडकर नगर में शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए मायके जाना था। मैंने समझाया कि अभी दो दिन काम है। 
विज्ञापन

2 of 8
मृतक पारुल गिरि का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
शनिवार को कार से ससुराल जाऊंगा। इसलिए सब साथ चलेंगे, लेकिन पारुल ने कह दिया कि भाई की शादी है। खूब मस्ती करनी है। बड़ी बहन व भाई भी साथ जा रहे हैं, इसलिए आज ही जाना है। काफी समझाया लेकिन वो बात नहीं मानीं।
विज्ञापन

3 of 8
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
पारुल ने अपने बड़े भाई अमन गोस्वामी को बोलकर अपनी व बच्चों की सीट भी बुक करा ली। रात करीब 10:30 बजे बस में पारूल के अलावा उसकी बड़ी बहन रीनी गिरी, पांच वर्षीय बेटे अभिनव, तीन वर्षीय बेटी अदिति व पांच छह का बेटा आरोह, बड़े भाई अमन गोस्वामी के साथ बस में सवार होकर निकले। प्रमोद गिरी ने रोते हुए बताया कि शायद पारुल से उनकी यही अंतिम मुलाकात थी। हादसे से चंद मिनट पहले तक वह वीडियो कॉलिंग से मोबाइल फोन पर बात करती रही। 

4 of 8
पोर्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन - फोटो : अमर उजाला
रात करीब डेढ़ बजे उन्हें साले अमन गोस्वामी से फोन पर यह मनहूस खबर मिली कि हादसे में पारुल व बेटे आरोह की मौत हो गई है। बाकी लोग घायल हुए हैं। प्रमोद ने कहा कि उनकी तो सारी जिंदगी उजड़ गई। अब दोनों बच्चे किसे अपनी मां कहेंगे। काश, पारूल ने उनकी बात मान ली होती तो यह दिन न देखना पड़ता।
 
विज्ञापन

5 of 8
मृतक हंसमुख का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
बहन की शादी में घर जा रहा था हंसमुख, इकलौते भाई की मौत पर मचा कोहराम
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार बने प्रतापगढ़ के थाना लालगंज रामपुर निवासी हंसमुख सरोज (28) बहन की शादी में शामिल होने जा रहे थे। 25 नवंबर को चार बहनों में तीसरे नंबर की छोटी बहन संजू की शादी होनी थी। हंसमुख इन चारों बहनों के बीच में इकलौता भाई था। उसने सभी बहनों के लिए खरीदारी भी की थी। हंसमुख नोएडा में एक ज्वेलर्स शोरूम में काम करता था। बुधवार को छुट्टी लेकर बस से घर जा रहे थे। इससे पहले ही टप्पल-यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत ने झपट्टा मार लिया। हंसमुख के साथ में काम करने वाले मुकेश कुमार व विनय ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि वह बहन संजू की शादी को लेकर बेहद खुश था। 

 
विज्ञापन

6 of 8
घायल नीरज यादव - फोटो : अमर उजाला
बोल रहा था कि बहन की धूमधाम से शादी कराएगा। लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हंसमुख दिवाली पर घर आया था। जाते में अपनी चारों बहनों को बोलकर गया था कि शादी से पहले आएगा और उनके लिए अच्छे-अच्छे उपहार लाएगा। बहनों को उपहार देने के लिए उसने खरीदारी भी की थी। इससे पहले ही हादसा हो गया। उधर, हादसे की खबर प्रतापगढ़ पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। 
विज्ञापन

7 of 8
क्षतिग्रस्त बस - फोटो : अमर उजाला
ट्रक से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बस
बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे कोहरे के बीच एक भीषण हादसे में टूरिस्ट बस सवार दिल्ली निवासी एक ट्रांसपोर्टर की पत्नी और उनके छह माह के बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक ही परिवार के सात लोग हैं। बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। जब बस टप्पल क्षेत्र में गांव सिमरौठी (माइल स्टोन 57) के पास पहुंची तो चालक ने आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। लेकिन कोहरे में तेज रफ्तार बस के चालक को ट्रक सही से नजर नहीं आया और बस का एक हिस्सा (कंडक्टर साइड) ट्रक से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चीख पुकार मचने पर हाईवे पेट्रोलिंग और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जेवर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णा ट्रैवल्स की यह टूरिस्ट बस रात को साढ़े दस बजे दिल्ली में कश्मीरी गेट से आजमगढ़ जाने के लिए चली थी। 
विज्ञापन

8 of 8
UP Road Accident - फोटो : अमर उजाला
बस में अलग अलग शहरों के लिए लोग सवार हुए थे। इस डबल डेकर बस में 48 लोग बैठे थे। बस की रफ्तार भी तेज थी। कोहरे में ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। बस ट्रक में घुसती चली गई है। पुलिस ने रात को ही घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। सभी छह शवों की पहचान हो गई है। जिनमें दिल्ली में रामपार्क इलाके में प्रमोद ट्रांसपोर्ट के मालिक प्रमोद गिरी की पत्नी पारुल (26) और उनका छह माह का बेटा आरोह, रामपुर थाना लालगंज प्रतापगढ़ निवासी हसमुख (28), आजमगढ़ के भंवरना निवासी रामप्रीत (60), सुल्तानपुर के मुस्तविहार निवासी प्रीत (30), दिल्ली निवासी सचिन (40) शामिल हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें