अलीगढ़ में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे कोहरे के बीच एक भीषण हादसे में टूरिस्ट बस सवार दिल्ली निवासी एक ट्रांसपोर्टर की पत्नी और उनके छह माह के बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे और हाईवे पर तेज रफ्तार और चालकों की आने वाली नींद की झपकी काल बन रही है। बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे की एक वजह नींद की झपकी भी मानी जा रही है। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने लगा। बस कंट्रोल नहीं हो सकी और ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। चालक का नाम श्यामू बताया जा रहा है
जिले में पुलिस-प्रशासन लगातार वाहन चालकों को जागरूक करने का अभियान चला रहा है। इसके बाद भी सड़क हादसों का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। खासकर रात में वाहन संचालन के दौरान नींद की झपकी हादसों का प्रमुख कारण बन रही है। इन हादसों में सर्वाधिक लोगों की जान जा रही है। प्रदेश भर में अलीगढ़ सड़क हादसों के लिए बदनाम है। सड़क हादसों में मरने व घायल होने वालों की सूची में अलीगढ़ पूरे प्रदेश में टॉप-25 में शामिल है।
विज्ञापन
2 of 7
क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : अमर उजाला
टूरिस्ट बस सवार छह यात्रियों की मौत
यहां हादसों में हर दूसरे दिन किसी न किसी की जान चली जा रही है। पिछले 10 दिन में ही जिले भर में 11 स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में 21 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे कोहरे के बीच एक भीषण हादसे में टूरिस्ट बस सवार दिल्ली निवासी एक ट्रांसपोर्टर की पत्नी और उनके छह माह के बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक ही परिवार के सात लोग हैं। बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी।
विज्ञापन
3 of 7
UP Road Accident
- फोटो : अमर उजाला
ट्रक से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बस
जब बस टप्पल क्षेत्र में गांव सिमरौठी (माइल स्टोन 57) के पास पहुंची तो चालक ने आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। लेकिन कोहरे में तेज रफ्तार बस के चालक को ट्रक सही से नजर नहीं आया और बस का एक हिस्सा (कंडक्टर साइड) ट्रक से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चीख पुकार मचने पर हाईवे पेट्रोलिंग और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जेवर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णा ट्रैवल्स की यह टूरिस्ट बस रात को साढ़े दस बजे दिल्ली में कश्मीरी गेट से आजमगढ़ जाने के लिए चली थी।
4 of 7
मृतक हंसमुख का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
बस में अलग अलग शहरों के लिए लोग सवार हुए थे। इस डबल डेकर बस में 48 लोग बैठे थे। बस की रफ्तार भी तेज थी। कोहरे में ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। बस ट्रक में घुसती चली गई है। पुलिस ने रात को ही घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। सभी छह शवों की पहचान हो गई है। जिनमें दिल्ली में रामपार्क इलाके में प्रमोद ट्रांसपोर्ट के मालिक प्रमोद गिरी की पत्नी पारुल (26) और उनका छह माह का बेटा आरोह, रामपुर थाना लालगंज प्रतापगढ़ निवासी हसमुख (28), आजमगढ़ के भंवरना निवासी रामप्रीत (60), सुल्तानपुर के मुस्तविहार निवासी प्रीत (30), दिल्ली निवासी सचिन (40) शामिल हैं।
विज्ञापन
5 of 7
मृतक पारुल गिरि का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
एक ही परिवार के सात लोग कर रहे थे सफर, दो लोगों की मौके पर मौत
पारुल गिरि (25 वर्ष) के पति प्रमोद गिरि निवासी टेमुटी गुसाई गफूर जिला आजमगढ़ हाल निवासी शकुरपुर थाना केरलपुरम दिल्ली ने फोन पर बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। कल परिवार के सात लोग करन (19 वर्ष), अभिनव (5 वर्ष), अदिति (3 वर्ष), आरोह (05 माह), पारुल (25 वर्ष), रीना (27 वर्ष), आरुषि/आशी (11 माह) आजमगढ़ जा रहे थे। उन्हें खुद भी शनिवार को गांव जाना था। लेकिन किसी कारणवश नहीं जा सका। इसी बीच यह हादसा हो गया। जिसमें पारुल (25 वर्ष) व आरोह (उम्र करीब पांच माह) की मौके पर मौत हो गई। अन्य पांच लोगों का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
6 of 7
जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
- ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर चालक के लिए अनिवार्य है। ट्रैफिक सिग्नल पर सख्ती को और बढ़ाया जाएगा। वाहन चालक भी जागरूकता दिखाएं। ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए स्वयं तो सुरक्षित चलें ही दूसरों की जान भी जोखिम में न डालें। - मुकेश चंद्र उत्तम, एसपी यातायात
- सड़क हादसों की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन विभाग यातायात जागरूकता माह, सड़क सुरक्षा सप्ताह आदि के जरिए स्कूल, कॉलेज में छात्र-छात्राओं व लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करता रहता है। - दीपक शाह, आरटीओ प्रशासन
पोर्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन
- फोटो : अमर उजाला
वाहन चलाते समय बरतें ये सावधानी
- रात में ड्राइविंग करने से जितना हो सके बचें।
- लांग ड्राइव से पहले शरीर को भरपूर आराम दें।
- खाना खाने के तुरंत बाद ड्राइविंग न करें।
- ड्राइविंग करते समय ऊर्जावान संगीत सुनें, दुखी और बोझिल संगीत सुनने से नींद आने लगती है।
- ड्राइविंग करते समय मुंह में टॉफी डाल लें, ऐसा करने से नींद आने की संभावना कम हो जाती है।
- गाड़ी में यदि कोई साथी या यात्री साथ है तो उससे बातचीत करते रहें।
- अपनी नींद पर पूरा ध्यान दें और संभव हो तो इस दौरान वाहन चलाने से बचें ।
- यदि आपको गाड़ी चलाते समय नींद आ जाए तो किसी सुरक्षित स्थान पर गाड़ी रोककर थोड़ी देर आराम करें