हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक स्लीपर कोच निजी बस ने आगे जा रही ईको कार में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए।
आगरा के बाह क्षेत्र स्थित चौरंगा बेहड़ निवासी विजय बघेल छह माह पहले बड़े भाई अजय की मौत के बाद परिवार का सहारा बने थे। उन्होंने अपने मृतक भाई के दोनों बच्चों को अपने साथ रखकर उनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश की जिम्मेदारी उठाई, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने ऐसा झटका दिया कि अब विजय के अपने बच्चे ही अनाथ हो गए।
विजय बघेल अपनी पत्नी पिंकी के साथ दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में रह रहे थे। पोस्टमार्टम हाउस पर इनके एक अन्य भाई संजय का रो-रो कर बुरा हाल था। वे रोते हुए बोले, साहब हम पांच भाई थे। मेरे सबसे बड़े भाई अजय की बीमारी के चलते अगस्त 2025 में मौत हो गई थी। तब मेरे दूसरे भाई विजय ने बड़े भाई के बच्चों की जिम्मेदारी संभाली और पूरे परिवार के साथ एक माह पहले दिल्ली के अलीपुर पहुंच गए जहां किराए की दुकान लेकर हलवाई की दुकान खोली।
विज्ञापन
2 of 13
हादसे में क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बड़े भाई अजय के बच्चे आर्यन (8) व अंशु (6) भी उनके साथ थे। होली पर भाई विजय अपनी पत्नी पिंकी, अपने दोनों बच्चों और मृतक भाई अजय के बच्चों के साथ गांव लौट रहे थे। उनके साथ में भाई विजय की साली पूनम बघेल (15) पुत्री पप्पू निवासी घीयाराम बसई, राजाखेड़ा, धौलपुर भी साथ थी। संजय ने बताया कि निकलने से पहले रात को विजय ने फोन पर बात की थी। सभी खुश थे, लेकिन सुबह हादसे में पूरा परिवार बिखर गया। आर्यन, अंशु व पूनम भी आगरा अस्पताल में भर्ती हैं।
विज्ञापन
3 of 13
हाथरस में हादसे के बाद एंबुलेंस से घायलों को लेकर जाते कर्मचारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मां-बाप की गोद ने बचाई जान
कार की बीच वाली सीट पर विजय और पिंकी बैठे थे। जगह कम होने के कारण एक साल का लक्ष्य मां की गोद में और बेटी प्राची पिता की गोद में थी। अचानक टक्कर में दोनों सीटों के बीच फंस गए। माता-पिता की देह ढाल बन गई। दोनों बच्चों की जान बच गई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। प्राची की हालत अधिक नाजुक बताई जा रही है। एक ओर पोस्टमार्टम हाउस में माता-पिता के शव रखे थे, दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज में मासूम बच्चे जिंदगी की जंग लड़ रहे थे।
4 of 13
हाथरस में हादसे के बाद मौके पर पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छह माह में दूसरे भाई की मौत
छह महीने के भीतर दूसरे बड़े भाई की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर तीसरे भाई संजय का रो-रोकर बुरा हाल था। कभी जमीन पर बैठ जाते, कभी फोन पर अस्पताल में भर्ती बच्चों का हाल पूछते-पूछते फफक पड़ते। आंसुओं के बीच वह छोटे भाई को ढांढस बंधाते हुए कह रहे थे, अब हमें ही बच्चों को संभालना है। एक परिवार पर टूटी दोहरी त्रासदी ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
विज्ञापन
5 of 13
हादसे में क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस ने कार को रौंदा, छह लोगों की मौत
यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक स्लीपर कोच निजी बस ने आगे जा रही ईको कार में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसे के शिकार हुए लोग राजाखेड़ा धौलपुर और आगरा के रहने वाले हैं। ये दिल्ली और नोएडा से अपने गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार पर बस चालक के ओवरटेक करने को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है।
विज्ञापन
6 of 13
छह की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर रोते परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसा मंगलवार तड़के 4:15 बजे सादाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 141 पर गांव हरिया गढ़ी के पास हुआ। पुलिस के अनुसार ईको कार एक्सप्रेस-वे की दूसरी लेन में चल रही थी, उसके पीछे नोएडा से आगरा होते हुए ग्वालियर जा रही बस भी इसी लेन में थी। अचानक चालक ने तेज गति पर बस को कार के नजदीक से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान बस ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर लहराते हुए घिटसती हुई चली गई और पलट गई। हादसे के बीद चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
7 of 13
छह की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बस की सवारियों ने ही चालक-परिचालक को दबोच लिया। एकत्रित लोगों ने पुलिस को खबर दी। सूचना पर हाईवे की क्रेन व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। कार में बच्चों सहित करीब 16 लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई।
8 of 13
सुनीता देवी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे के करीब आधा घंटे बाद घायल व मृतकों को बाहर निकाला गया और हाईवे की एंबुलेंस से ही सीएचसी खंदौली ले जाया गया। हादसे में दस लोग घायल हुए, जिनमें से नौ को आगरा ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। एएसपी रामानंद कुशवाहा व एसडीएम सादाबाद मनीष चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। बस के दोनों चालकों व परिचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
9 of 13
नत्थो देवी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में इनकी हुई मौत
दिनेश (50) निवासी गंगोलियापुरा राजाखेड़ा धौलपुर, उनकी पत्नी सुनीता (48), लोकेश (28) निवासी सोमली का घेर राजाखेड़ा, विजय (26) निवासी चोरंगा बेहड़ थाना बाह आगरा, उनकी पत्नी पिंकी (22), नत्थो देवी (65) निवासी रोहई खास शमशाबाद, आगरा की मौत हो गई।
10 of 13
हादसे में क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ये हुए घायल
हादसे में विजय का बेटा लक्ष्य (एक), बेटी प्राची (3), भतीजे आर्यन (08), अंशु (06), साली पूनम बघेल (15) घायल हो गईं। इनके अलावा ईको चालक वीरेंद्र निवासी गडरपुर, राजाखेड़ा, वीरेंद्र का बेटा आयुष, मनोज निवासी बाजना, मनोज की पत्नी रानी व तीन साल का बेटा जयदीप उर्फ रोहिल घायल हुए हैं।
11 of 13
भाई-भाभी की मौत पर बिलखता संजय
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ईको चालक ने दर्ज कराई एफआईआर
ईको चालक वीरेंद्र ने बस चालक अरशद निवासी गोकलपुर, नई दिल्ली, सह चालक जगतार निवासी ध्यानसर, कारथोली बड़ी, बड़ी ब्राह्मणा, साम्बा जम्मू-कश्मीर और परिचालक कृष्णा मिश्रा बड़ी बुल्लई, धानेपुर, गोंडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वीरेंद्र ने बताया कि बस पीछे से काफी तेजी से आ रही थी। उसे बायीं ओर का इंडीकेटर देकर दूसरी लेन से हटने का प्रयास किया, लेकिन बस ने रफ्तार कम नहीं की और टक्कर मार दी।
12 of 13
पिंकी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटना दुखद है। ईको वैन में 16 व्यक्ति थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से आगरा भेजा गया है। बस के दोनों चालकों व परिचालक को हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट दर्ज की गई है। बस संचालन को लेकर जानकारी की जा रही है। कमी पाए जाने पर बस मालिक व संबंधित कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ओवरस्पीडिंग व ओवर टेक के कारण यह दुर्घटना हुई है। - चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, जांच के लिए दौड़ी टीम
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान लेने के बाद परिवहन आयुक्त आगरा विदिशा सिंह के नेतृत्व में आगरा व अलीगढ़ मंडल के अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। जांच में बस चालक अरशद अली निवासी दिल्ली व जगतार सिंह निवासी सांबा, जम्मू के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई है।