फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: 'कार अलीगढ़ आते समय भर रही थी फर्राटा, तभी अचानक...', पांचवें घायल साथी ने बताया दर्दनाक हादसे का कारण

Thu, 25 Sep 2025 03:20 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

अलीगढ़ में हुए भीषण हादसे में पांच मौतों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। सिर्फ सूचना दर्ज की गई है। सड़क हादसे के बाद कोई मुकदमा कराने नहीं आया। पुलिस ने कैंटर स्वामी की ओर से सूचना दर्ज की है। वहीं घायल सुमित ने हादसे का कारण भी बताया है।
विज्ञापन
1 of 12
Aligarh Accident - फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अकराबाद इलाके में गोपी ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह भीषण हादसे में चार दोस्तों समेत पांच लोगों की जिंदा जलकर हुई मौत के मामले में कोई मुकदमा दर्ज कराने नहीं पहुंचा। पुलिस ने औपचारिकताओं को पूरा करने के मकसद से कैंटर स्वामी की ओर से इत्तेफाकिया सूचना दर्ज की है।

हादसे में पांच लोगों की मृत्यु के संबंध में पुलिस की ओर से डायल-112 पर मिली सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद पांचों मृतकों के परिजन भी आ गए लेकिन किसी की ओर से मुकदमे के लिए तहरीर या शिकायत नहीं दी गई।
विज्ञापन

2 of 12
कार और कैंटर की टक्कर के बाद लगी आग - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके बाद पुलिस ने कासगंज के नदरई गेट निवासी कैंटर स्वामी के बेटे शक्ति की ओर से दी गई लिखित सूचना पर हादसे को इत्तेफाकिया दर्ज किया है। इसमें दुर्घटना के पूरे विवरण का उल्लेख किया गया है। 
विज्ञापन

3 of 12
कार और कैंटर की टक्कर के बाद जले वाहन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके पीछे यही मकसद है कि भविष्य में अगर कोई पक्ष दावा करता है तो आगे प्रक्रिया बढ़ाई जा सकती है। घायल पांचवें दोस्त सुमित का मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। उसके हाथ व सिर की हड्डी टूटी है। 

4 of 12
कार को हटाती क्रेन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फर्राटा भरती कार का टायर फटने पर हादसा
मेडिकल कॉलेज में भर्ती हरदुआगंज के माछुआ सिकंदरपुर का सुमित मंगलवार को इस मामले में अलग-अलग बयान दे रहा था। सुबह पुलिस से उसने खुद को बाइक पर बताया था। मगर जब वीडियो आदि दिखाए तो उसने कार में होना स्वीकारा। बाद में खुद कार न चलाने की बात कही। शाम को मीडिया को बताया कि अतुल गाड़ी चला रहा था। उसने स्वीकारा है कि रात को पार्टी के बाद सुबह अलीगढ़ आते समय कार फर्राटा भर रही थी। तभी अचानक टायर फटने से यह हादसा हुआ था।
विज्ञापन

5 of 12
आग पर काबू पाते दमकल कर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। फिर भी पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के मकसद से इत्तेफाकिया सूचना दर्ज कर ली है। भविष्य में अगर कोई किसी के खिलाफ शिकायत करेगा तो इसी सूचना के आधार पर आगे कार्रवाई बढ़ा दी जाएगी। अमृत जैन, एसपी देहात

 
विज्ञापन

6 of 12
आग लगने के बाद ग्रामीणों से जान बचाने की गुहार लगाता कैंटर चालक राजेश - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
दुर्घटना में चार युवकों की मौत पर बुधवार को दूसरे दिन भी कस्बे में शोक का माहौल रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत दो युवाओं के घर पर परिजनों को सांत्वना देने आने वालों का तांता लगा रहा। मृत मयंक चौहान और अतुल यादव के परिजन पैतृक गांव में हैं, जबकि हर्षित माहेश्वरी और देव शर्मा के परिजन अपने घरों पर ही मौजूद हैं। दोनों के घर बुधवार को दिन भर सांत्वना देने के लिए लोग पहुंचते रहे। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के लिए उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा है।
विज्ञापन

7 of 12
हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजन व अन्य - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष नीरज वैश्य का कहना है कि अभी इन युवाओं ने जिंदगी को ठीक से देखा भी नहीं था। व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि इन युवाओं की मौत बेहद दुखद है। हाजी मोहम्मद उमर ने भी मृतकों की आत्मशांति के लिए प्रार्थना की है। 

 

8 of 12
हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजन व अन्य - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नरेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि मृतक अतुल यादव उनके मोहल्ले का रहने वाला था। इस हादसे के बाद पूरा मोहल्ला शोक में डूबा है। इस हादसे पर हाथरस के सांसद अनूप प्रधान ने भी शोक जताया है। 
 

9 of 12
Accident in Aligarh - फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में भीषण सड़क हादसा
दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अकराबाद इलाके में हुए भीषण हादसे में कार सवार चार दोस्तों और कैंटर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मंगलवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे यह हादसा उस वक्त हुआ, जब सिकंदराराऊ से आती तेज रफ्तार कार का गोपी फ्लाईओवर पर अचानक टायर फट गया। इसके बाद अनियंत्रित हुई कार डिवाइडर लांघकर विपरीत दिशा से आते कैंटर से जा भिड़ी। कार सवार पांचवां दोस्त जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

 

10 of 12
पोस्टमार्टम हाउस पर बिलखते अतुल के भाई - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटनाक्रम तड़के करीब साढ़े पांच बजे का है। हाथरस सिकंदराराऊ निवासी पांच दोस्त कार में सवार होकर अलीगढ़ आ रहे थे। हाईवे पर तेज गति से दौड़ती कार गोपी फ्लाईओवर से उतर रही थी। तभी अचानक कार का ड्राइवर साइड का टायर फट गया। इसके बाद अनियंत्रित हुई कार पलक झपकते ही डिवाइडर को लांघकर विपरीत दिशा में सामने से आते कैंटर में जा भिड़ी।

11 of 12
हादसे के बाद कार्रवाई करती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कैंटर अलीगढ़ से स्टेशनरी लादकर कासगंज जा रहा था। भिड़ंत के साथ ही कार की पेट्रोल टंकी धमाके के साथ फटी और अचानक से दोनों वाहनों के आगे के हिस्सों में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पलक झपकते ही दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए। तभी कार की ड्राइविंग सीट पर सवार युवक किसी तरह शीशा टूटने से बाहर लटक गया।
विज्ञापन

12 of 12
परिवार के साथ देव शर्मा की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुबह-सुबह हाईवे पर टहलने निकले ग्रामीणों ने उसे खींचकर निकाला। आनन-फानन सूचना पर पुलिस, दमकल, एसपी देहात, एसपी यातायात, सीओ बरला आदि पहुंच गए। सूचना पर 45 मिनट बाद अलीगढ़ व सिकंदराराऊ से दो दमकलें मौके पर आईं। करीब आधा घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक कार में सवार चार दोस्त व कैंटर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें