फिरोजाबाद में कपड़ा व्यापारी विजय गोस्वामी की हत्या के मामले का थाना उत्तर पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। विजय गोस्वामी की हत्या उसकी पत्नी मंजू ने की थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में मंजू ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उसने कहा कि पति शराब के नशे में रोजाना बेटियों को पीटता था। चूड़ी के काम के रुपये भी शराब पीने के लिए छीन लेता था। इससे परेशान होकर उसने 30 दिसंबर की रात सिर में सिलबट्टे से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या का उसे जरा भी अफसोस नहीं है।
मूलरूप से औरैया की रहने वाली मंजू ने 2004 में विजय से कोर्ट मैरिज की थी। उसने अपने पहले पति मैनपुरी निवासी अशोक राठौर को छोड़ दिया था। कोर्ट मैरिज के बाद दोनों में विवाद होने लगा। तब मंजू ने पति विजय की हत्या कराने के लिए अरुण नाम के युवक को सुपारी थी। इस मामले में पुलिस ने मंजू और अरुण को जेल भेजा था। जमानत पर आने के बाद मंजू और विजय के बीच समझौता हो गया था।
विज्ञापन
2 of 5
हत्यारोपी मंजू
- फोटो : अमर उजाला
समझौते के बाद विजय गोस्वामी अपनी दो पुत्रियों और पत्नी मंजू के साथ इंद्रपुरी में किराये के मकान में रहता था। 30 दिसंबर की देर रात विजय का शव घर के दरवाजे पर नाली में पड़ा मिला था। पुलिस ने मृतक की पत्नी मंजू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। शक के घेरे में मंजू भी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
विज्ञापन
3 of 5
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
थानाध्यक्ष उत्तर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान मंजू ने पति विजय की हत्या की बात स्वीकार कर ली। मंजू ने बताया कि विजय शराब का लती था। वह शराब के नशे में बेटियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही पिटाई करता था। कपड़े बेचकर जो रुपये वह कमाता था, उसकी शराब पी लेता था और हम लोग चूड़ी का कार्य करके जो रुपये कमाते थे, उसकी भी शराब पी लेता था। रुपये न देने पर पिटाई करता था।
4 of 5
पुलिस ने आरोपी महिला को भेजा जेल
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी मंजू ने बताया कि पति की हरकतों से परिवार की आर्थिक स्थिति दिन ब दिन खराब होती जा रही थी। पिछले तीन माह से मकान का किराया भी नहीं दिया गया था। मकान मालिक किराये के लिए तकादा कर रहे थे।
30 दिसंबर की रात विजय ने शराब पी थी। वह नशे में हो गया। इसके बाद जब वह सो गया, तब पत्नी मंजू ने उसके सिर पर सिलबट्टा से प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया। हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।