फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी ने किया जनजीवन अस्त-व्यस्त: 78 किलोमीटर की रफ्तार ने मचाई किसान के लिए तबाही, खेतों में बिछा गेहूं

Wed, 24 Mar 2021 10:57 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 5
आंधी ने फसल को पहुंचाया नुकसान - फोटो : अमर उजाला
आगरा में सोमवार रात के बाद मंगलवार की शाम को तेज रफ्तार आंधी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। 78 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी ने बारिश में गीले हुए गेहूं को खेतों में बिछा दिया वहीं शहर में सड़कों के किनारे लगे होर्डिंग, बैनर और पेड़ों की डालियां नीचे गिर गईं। मंगलवार सुबह से ही बादलों की लुकाछिपी बनी हुई थी, लेकिन शाम को 4 बजे के बाद मौसम ने एकाएक करवट ली और तेज धूल भरी हवाएं चलनी शुरू हो गईं जो रात 8 बजे तक चलती रहीं। मौसम विभाग ने बुधवार से मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी के आसार जताए हैं।
विज्ञापन

2 of 5
आगरा में आई आंधी से उड़ती धूल - फोटो : अमर उजाला
मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में पारा सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। सोमवार रात बारिश के कारण सुबह मौसम ठंडा रहा, लेकिन दोपहर में तेज धूप रही। शाम को फिर आंधी, बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदल गया। शाम को धूल भरी आंधी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर में 70 से ज्यादा होर्डिंग जमीन पर गिर पड़े, वहीं यूनीपोल पर लगे होर्डिंग का फ्लेक्स फटकर नीचे लटकता रहा। 
विज्ञापन

3 of 5
आंधी के बाद खेतों में बिछी गेहूं की फसल को देखते किसान - फोटो : अमर उजाला
भैय्या खूब करी रखवाई, आंधी नै बर्बाद कर दऔ गेहूं
आंधी के बाद बारिश से सोमवार की रात बाह, जैतपुर, पिनाहट ब्लॉक के 214 गांवों में गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई। सुबह खेत में फसल की बर्बादी देख किसानों के मुंह से यही निकला कि भैय्या खूब करी रखवाई, आंधी नै बर्बाद कर दऔ गेहूं। किसानों की मानें तो 40 फीसदी से अधिक का नुकसान हुआ है। तेजसिंह पुरा के श्रीकृष्ण, रमेश चंद्र, भवानी शंकर ने कहा कि खेत में फसल गिर जाने से लागत भी निकलनी मुश्किल होगी। भवानी शंकर के मुताबिक उनकी 10 बीघा, श्रीकृष्ण की तीन और रमेश चंद्र की चार बीघा फसल आंधी में बर्बाद हुई है।

4 of 5
आम के पेड़ से टूट गया बौर - फोटो : अमर उजाला
आंधी से आम के बौर भी गिरे
इस साल आम के पेड़ों पर बौर देख किसान खुश थे। सोमवार की रात आई आंधी और बारिश में आम के बौर गिर गए। बागवान जोधा राम, राम सेवक, हरिओम, छोटेलाल, राम खिलाड़ी, पुरुषोत्तम आदि ने बताया कि बौर गिरने से फसल कम होगी।                  
                                                     
तांतपुर में 25 गांवों की बत्ती गुल

सोमवार की रात और मंगलवार की शाम आई आंधी से बिजली के खंभे और तार भी टूटकर गिर गए। सबस्टेशन तांतपुर में हाईटेंशन लाइन के दो पोल टूटने से करीब 25 गांव की आपूर्ति सोमवार की शाम से बाधित है। एत्मादपुर के गढ़ी रामी में भी छह खंभे और ट्रांसफार्मर गिर जाने से बिजली गुल हो गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
आगरा में आई आंधी - फोटो : अमर उजाला
आंधी से 150 गांवों की 24 घंटे गुल रही बत्ती
आंधी और बारिश से सोमवार की रात खंभे-तार टूटने से बाह और जैतपुर क्षेत्र के करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति 24 घंटे ठप रही। इस दौरान लोगों को पानी की भी समस्या से जूझना पड़ा। उप खंड अधिकारी विकास भारद्वाज ने बताया कि आंधी के कारण भदरौली और बाह क्षेत्र में आठ खंभे टूटे थे। लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। बताया कि मंगलवार की शाम तक करीब 90 फीसदी गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें