मथुरा के थाना नौहझील में तैनात सिपाही आशीष कुमार (25) पुत्र रविंद्र सिंह की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। नौहझील पुलिस के अनुसार सिपाही आशीष कुमार से पहले उसके साथी सिपाही रोहित धनखड़ ने जमकर मारपीट की और फिर उसका रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। सुसाइड दिखाने के लिए सिपाही के शव को पंखे से लटकाया गया। पुलिस ने हत्यारोपी साथी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक सिपाही के पिता की तहरीर पर साथी सिपाही के खिलाफ अनुसूचित जाति और हत्या किए जाने का मुकदमा थाना नौहझील में दर्ज कर लिया गया है।
थाना नौहझील में तैनात सिपाही आशीष कुमार (25) पुत्र रविंद्र सिंह निवासी ग्राम बरावली थाना बहसूमा, मेरठ का शव 29 मई की देर रात कस्बे के रेतिया गली में विपिन पाठक के मकान में किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला था। उसके शरीर पर चोटों के निशान पिटाई की तरफ साफ इशारा कर रहे थे। गले पर दो निशान भी उसकी हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे।