कोठी मीना बाजार मैदान में चल रहे आगरा विंटर कॉर्निवाल में ट्रांसजेंडर्स (मंगलामुखी) ने बुधवार रात को रैंप पर वॉक कर जलवा बिखेरा। रैंप पर आत्मविश्वास से भरे कदम बढ़ाए, वहीं बॉलीवुड के गीतों पर डांस कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद ट्रांसजेंडर्स ने फैशन शो और बॉलीवुड के गानों पर डांस किया। ट्रांसजेंडर्स की प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों से गूंजता रहा।
फैशन शो में आगरा, दिल्ली, मथुरा, फरीदाबाद के ट्रांसजेंडर शामिल हुए। एकता संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर ने कोई झिझक नहीं दिखाई। बड़े ही आत्मविश्वास से रैंप पर कदम बढ़ाए। यूपी ट्रांसजेंडर बोर्ड की सदस्य राधिका बाई ने कार्यक्रम का संचालन किया। मेला आयोजक मनीष अग्रवाल ने बताया कि समाज से कटे मंगलामुखी समाज को मुख्यधारा में शामिल करने और उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए आयोजन किया गया।