हाईकोर्ट के आदेश पर मथुरा के डीएम पुलकित खरे ने नगर आयुक्त अनुनय झा की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति गठित की है। यह आठ सदस्यीय समिति मंगलवार को वृंदावन पहुंची। समिति ने बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर प्रस्तावित क्षेत्र के चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत टीम ने पहले राजस्व रिकॉर्ड को लेकर बैठक की और बाद में मौका मुआयना किया। इस दायरे में करीब 300 भवन आ रहे हैं। इससे मंदिर से जुडे़ क्षेत्र के निवासियों में खलबली है। वाराणसी की तर्ज पर बिहारीजी कॉरिडोर की योजना को अमलीजामा पहनाने की कवायद की जा रही है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रस्तावित पांच एकड़ क्षेत्र के दायरे में विकास की योजना पर काम करने के लिए डीएम की गठित समिति के सदस्य मंगलवार को मौके पर पहुंचे। टीम में शामिल विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार, एडीएम वित्त योगानंद पांडेय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर अजय जैन, सहायक अभियंता बीसी मिश्रा, सीओ सदर प्रवीण मलिक, सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दूबे, अपर नगर आयुक्त क्रांतिशेखर सिंह सहित राजस्व से जुडे़ कर्मचारी भी मौजूद रहे।