फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाह ताज: ऐतिहासिक स्मारक के 'ताले' खुले, ब्राजील की पर्यटक ने सबसे पहले देखा ताजमहल, जानें टिकट और नियम की व्यवस्था

Wed, 16 Jun 2021 11:12 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 5
ताजमहल: अनलॉक की प्रक्रिया के बाद खुला ताजमहल, ब्राजील की पर्यटक ने देखा ताजमहल - फोटो : अमर उजाला
कोरोना के खौफ पर ताजमहल का जादू ज्यादा भारी पड़ा। बुधवार की सुबह जैसे ही ताजमहल के दरवाजे आम पर्यटकों के लिए खोले गए तो दो महीने से 'संगमरमरी ख्वाब' ताजमहल के दीदार का इंतजार कर रहे सैलानी आने लगे। ब्राजील की पर्यटक मेलिशा ने 61 दिन बाद खोले गए ताजमहल में सबसे पहले प्रवेश किया। वह दो महीने से लखनऊ, ऋषिकेश, वाराणसी में रहने के बाद ताजमहल के दीदार के लिए मंगलवार शाम को ही आगरा पहुंची थी और सुनहरी आभा लिए संगमरमरी ताजमहल के दीदार की ख्वाहिश पूरी करने के लिए अलसुबह ही ताज पूर्वी गेट पर पहुंच गईं। ताज के दीदार के बाद मेलिशा ने कहा- धन्यवाद इंडिया। कोरोना संक्रमण के कारण 61 दिनों से बंद ताजमहल को बुधवार सुबह पांच बजे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। गौरतलब है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के साथ वार्ता कर जिला प्रशासन ने स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या मंगलवार को तय कर दी थी। एएसआई की टिकट तीन घंटे के लिए मान्य होगी। न केवल ताज, बल्कि आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला स्मारक में भी 650 पर्यटकों को एक बार में प्रवेश मिल सकेगा।
विज्ञापन

2 of 5
ताजमहल खुलने के बाद डायना बेंच पर फोटो खिंचाता एक परिवार - फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह सुबह 5.10 बजे ब्राजील की पर्यटक मेलिशा ने ताज का दीदार किया। पूर्वी गेट से म्यूजियम होते हुए वह मुख्य गुंबद पहुंची, जहां सूर्योदय के समय सुनहरी आभा लिए ताज के संगमरमरी गुंबद को एकटक निहारती रहीं। मेलिशा ने सेंट्रल टैंक पर फोटोग्राफी के बाद खुशी जताते हुए बताया कि तीन महीने पहले वह भारत में योग की ट्रेनिंग लेने आई थी। वह ऋषिकेश, वाराणसी, लखनऊ रहीं, पर जब वह ताजमहल देखने आतीं, उससे पहले ही ताज बंद कर दिया गया। ताज देखे बिना वह वापस नहीं लौटना चाहती थीं। सोमवार को उन्हें जैसे ही जानकारी मिली कि ताज बुधवार से खुल जाएगा, वह मंगलवार शाम को ही आगरा आ गईं और अलसुबह पांच बजे ही ताज पहुंच गईं। सुबह उगते सूरज के साथ ताज का दीदार उन्हें शानदार अनुभूति दे गया। 
विज्ञापन

3 of 5
ताजमहल की रेलिंग के पास सैलानी - फोटो : अमर उजाला
पहले तीन घंटे में 250 पर्यटक आए
ताजमहल पर दिल्ली, लखनऊ, नोएडा, चंडीगढ़ समेत देश भर के पर्यटकों ने पहले दिन दीदार किया। प्रशासन ने 650 पर्यटकों की लिमिट एक बार में तय की है, लेकिन पहले दिन इससे कम पर्यटक ही एक बार में ताज के अंदर रहे। पहले तीन घंटे में 250 पर्यटकों ने ताजमहल को निहारा। 

4 of 5
ताजमहल के टर्न स्ट्राइल गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग करता कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला
सेंट्रल टैंक, रॉयल गेट पर होता रहा सैनिटाइजेशन
ताजमहल पर पहले दिन पर्यटकों के आने पर सेंट्रल टैंक, डायना बेंच, रॉयल गेट और मुख्य गुंबद पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कर्मचारी सैनिटाइजेशन कराते रहे। पूर्वी गेट प्रवेश द्वार के फैसिलिटी सेंटर पर पर्यटकों को टर्न स्टाइल गेट से पहले हाथों को सैनिटाइज करने और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश करने दिया गया। सीआईएसएफ के जवानों ने टच फ्री तरीके से पर्यटकों की सुरक्षा जांच की।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
ताजमहल देखने आए सैलानी फोटो खिंचाने के दौरान खुुशी की मु्द्रा में - फोटो : अमर उजाला
ताजमहल के साथ आगरा में फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा अकबर मकबरा, एत्माद्दौला चीनी का रोजा, आगरा किला आदि स्मारक भी खोल दिए गए हैं। यहां भी पर्यटक आ रहे हैं। सभी स्मारकों पर टिकट की व्यवस्था ऑनलाइन की गई है। पर्यटक क्यूआर कोड स्कैन कर टिकट खरीद सकते हैं। अभी ऑफलाइन टिकट काउंटर खोलने पर विचार किया जा रहा है।  वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद ने बताया कि ऑन लाइन टिकट की व्यवस्था है और पहले दिन  एक समय में 650 पर्यटकों से कम की सीमा के अंदर ही पर्यटक ताज में रहे हैं। सैनिटाइजेशन के साथ थर्मल स्क्रीनिंग और मास्क के साथ ही पर्यटकों को प्रवेश दिया गया। जगह जगह जागरूक करने वाले बोर्ड लगाए गए हैं।

ये भी पढ़ें: आगरा: ताजमहल सहित स्मारकों पर निर्धारित हुई पर्यटक संख्या, सिर्फ 650 सैलानी कर सकेंगे दीदार
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें