फिरोजाबाद में थाना जसराना क्षेत्र के गांव मिलावली में नाले में मगरमच्छ आने से लोग भयभीत हो गए। गांव में मगरमच्छ होने की सूचना पर वन विभाग के साथ आगरा से एसओएस वाइल्ड लाइफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा और अपने साथ ले गई। सात से आठ फुट लंबे मगरमच्छ के पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। थाना जसराना क्षेत्र के खड़ीत क्षेत्र में बहने वाली नहर से मगरमच्छ खेतों से होता हुआ गांव में बने नाले तक पहुंच गया। सुबह खेतों की तरफ जा रहे लोगों ने मगरमच्छ को देखा तो चीखपुकार मच गई। देखते-देखते लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरेंद्र सारस्वत, वन दरोगा संदीप यादव, वन रक्षक संदीप कुमार एवं सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे।