डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएएमएस परीक्षा की कॉपियां बदलने के मामले में फरार छात्र नेता राहुल पाराशर को पुलिस नहीं पकड़ सकी है। गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ भी दबिश दे रही है। उधर, एसआईटी ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को पत्र लिखकर वर्ष 2015 तक की उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रखने के लिए कहा है।
बीएएमएस की कॉपियां बदलने के मामले में थाना हरीपर्वत में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है। जांच एसआईटी और एसटीएफ अलग-अलग कर रही हैं। एसटीएफ 20 साल पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है। परीक्षा से लेकर भ्रष्टाचार की अन्य परतें भी खंगाली जा रही हैं। रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। 50 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी एसटीएफ के रडार पर हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। बयान के लिए बुलाया जा रहा है। एसटीएफ को विश्वविद्यालय में हुए भ्रष्टाचार के बारे में गोपनीय जानकारी भी मिल रही हैं।