आगरा में सेक्स रैकेट की सरगना महिला का पूरा नेटवर्क ऑनलाइन चल रहा था। लड़कियों के फोटो से लेकर बुकिंग और भुगतान तक सब कुछ ऑनलाइन था। सरगना यह सब अपने आईफोन के माध्यम से करती थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद दो मोबाइल जब्त किए हैं। इनमें एक आईफोन है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है। वहीं आईफोन की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) की मदद ली जाएगी। आईफोन को कोर्ट से अनुमति के बाद प्रयोगशाला भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि आईफोन से सरगना के नेटवर्क का राज खुल सकता है।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने न्यू आगरा के मुगल रोड पर कार में एक युवती और चार युवकों को पकड़ा था। युवती ने बताया था कि उसे बुकिंग पर बुलाया गया है। सरगना महिला हरीपर्वत क्षेत्र स्थित होटल में दो और युवतियों के साथ ठहरी है। इस पर पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।