आगरा जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) में टिकट वितरण के बाद भी उठापटक जारी है। जिले की फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से तीन दिन पहले घोषित प्रत्याशी राजेश शर्मा को बदल कर सपा ने बुधवार को रूपाली दीक्षित को चुनाव मैदान में उतारा है। कमजोर ब्राह्मण प्रत्याशी होने का फीडबैक मिलने के बाद नामांकन खत्म होने से दो दिन पहले सपा ने उम्मीदवार बदला है।
रूपाली दीक्षित बाहुबली अशोक दीक्षित की पुत्री हैं। 34 वर्षीय रूपाली ने यूके (इंग्लैंड) से एमबीए किया है। जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने रूपाली के नाम पर मुहर लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्णय का सम्मान होगा। रूपाली फतेहाबाद से दावेदारी कर रही थीं, परंतु उनकी जगह 17 जनवरी को राजेश शर्मा का नाम फाइनल हुआ था। पार्टी सूत्रों की मानें, तो गोरखपुर से सपा नेता हरी शंकर तिवारी रूपाली दीक्षित की पैरवी में जुटे हुए थे। बुधवार सुबह रूपाली लखनऊ पहुंच गई। दोपहर बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें बी फॉर्म जारी कर दिया है।