आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन उपाधीक्षक (डिप्टी एसएस) नरेंद्र सिंह चाहर को गिराकर पीटने और घसीटकर आरपीएफ पोस्ट ले जाने के मामले ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। घटना के विरोध में नरेंद्र सिंह चाहर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ डीआरएम कार्यालय पहुंचे, जहां रेलवे अधिकारियों के साथ मीटिंग हुई। मीटिंग के दौरान फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी पहुंचे और दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
बैठक डीआरएम कार्यालय से निकलकर रेलवे इंस्टीट्यूट परिसर स्थित पार्क में हुई। इसमें डीआरएम के अलावा एडीआरएम, एसीएम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम), वरिष्ठ मंडल परिचालन, आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट, आरपीएफ के कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नरेंद्र सिंह चाहर ने अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ गंभीर अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो दुर्व्यवहार हुआ, वह अत्यंत गलत है। उन्होंने संबंधित आरपीएफ कर्मियों से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने, उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने तथा मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।