फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राधाष्टमी: राधारानी के जन्मोत्सव पर झूम उठी बृषभान नगरी बरसाना, श्रद्धालुओं ने उपहार लुटाए

Tue, 14 Sep 2021 07:22 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क अमर उजाला, मथुरा
विज्ञापन
1 of 7
राधारानी के विग्रह का पंचामृत - फोटो : अमर उजाला
श्रद्धालुओं से खचाखच भरा बरसाना। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा श्रीजी महल।  आसमान से बरसतीं बूंदें। कुछ इस तरह का नजारा सोमवार रात व भोर में राधारानी के जन्म पर उनके गांव बरसाना में दिखा। सुबह चार बजे राधाजी ने जन्म लिया और अभिषेक हुआ तो मंदिर परिसर राधारानी के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान सेवायतों ने जुहार है आए ते तेरौ कुल भर्या पवित्र आदि पदों का गायन किया। जन्मोत्सव की खुमारी में झूमते बड़ी संख्या में श्रद्धालु। स्वर्ग सरीखा यह नजारा राधारानी के जन्म पर दिखा। और हो भी क्यों नहीं, आखिर ब्रजभूमि की महारानी राधारानी का जन्मोत्सव है। श्रीजी महल को दुल्हन की तरह सजाया गया। जन्मोत्सव में शामिल होने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उपहार लूटे और लुटाए।
विज्ञापन

2 of 7
रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया राधारानी मंदिर, बरसाना - फोटो : अमर उजाला
भगवान श्रीकृष्ण की प्रियतमा राधारानी के जन्मोत्सव की धूम वैसे तो सारे देश में मची हुई है, पर इसका असली रूप तो बरसाना में देखने को मिला। बृषभान नंदिनी ने शुक्ल पक्ष की अष्टमी को जन्म लिया। भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के अवसर पर कीरति नंदिनी के जन्म के साथ ही ब्रजाचार्य नारायन भट्ट द्वारा प्रकट विग्रह को चांदी की चौकी और रजत पात्र में विराजमान कर सेवायतों ने मूल शांति के लिए 27 कुओं का जल, 27 पेड़ों की पत्ती, 27 तरह की औषधियों, 27 मेवा व 27 ब्राह्मण, सोने चांदी की मूल मूलनी और कांस्य के बने तेल के छाया पात्र के साथ हवन किया।
विज्ञापन

3 of 7
राधारानी - फोटो : अमर उजाला
 इसके बाद दूध, दही, शहद, बूरा, इत्र, घी, गुलाबजल, गोघृत, पंच मेवा, पंच नवरत्न, केसर आदि से राधारानी के श्रीविग्रह का करीब एक घंटे तक अभिषेक किया। अभिषेक और इस अलौकिक नजारे के लाखों भक्तों ने दर्शन किए। इस अवसर पर पूरे बरसाना खासकर श्रीजी महल को दुल्हन की तरह सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनियों से समूचा कस्बा जगमग हो उठा। जगह-जगह पर हो रहीं भजन संध्याओं ने ऐसा समा बांधा कि भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं के कदम खुद थिरकने लगे। जन्मोत्सव में शामिल होने आये देश विदेश से आए श्रद्धालुओं ने जमकर उपहार लूटे और लुटाए।

4 of 7
राधारानी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
चप्पे-चप्पे पर छाई रही जन्मोत्सव की खुमारी 
राधा जन्मोत्सव की धूम बरसाना के कोने-कोने में देखी गई। जगह-जगह सोलह शृंगार से सजी धजी सखियां नाच गा रहीं थीं। मंदिर प्रांगण में भी रातभर भक्तों द्वारा बधाई गाकर नृत्य किया गया। तमाम नामी ग्रामी कलाकारों ने भी बरसाना में प्रस्तुति दी। लाडलीजी मंदिर के रिसीवर डॉ. कृष्ण मुरारी गोस्वामी ने बताया कि भाद्रपद शुक्ल सप्तमी को वनखंडी सेठ के परिवार की चाव आने के बाद रात को श्रीजी महल में भजन संध्या और जच्चा-बच्चा के पद गाए गए। मंदिर रिसीवर के अनुसार विष्णु पुराण में वर्णित प्रक्रिया से लाडली जू का जन्म अभिषेक और मूल शांति पूजा होती है। गंडमूल के नक्षत्र में जन्म लेने के कारण श्रीजी के सहस्त्र नामों में से एक नाम मूलो भी है। मूल शांति के कारण सप्तमी की रात में वैमाता, नवग्रह, गणेश, वरुण, वेदी, गृह शांति हवन आदि भी किए जाते हैं। राधाष्टमी के दिन श्रीजी डोले में विराजमान होकर महल के नीचे छतरी में पधारती हैं। इस दौरान भक्तों को समीप से उनके दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। 
विज्ञापन

5 of 7
राधारानी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
राधे जन्म की किलकारी सुन भक्त झूमे
बरसाना में हर ओर उत्सव-उमंग सा माहौल ब्रह्मगिरि पर्वत पर राधाजी के जन्म का उल्लास है। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु ‘बरसाने बजी है बधाई रानी कीरत ने लाली जाई’ पदों पर थिरक रहे हैं। बाबा बृषभान की दहलीज पर राधे जन्म की किलकारी सुनने के लिए भक्त कान लगाए रहे। सखियां खुशियों में झूम रही हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल आदि प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने बरसाना में लघु भारत प्रतीत हुआ। 
विज्ञापन

6 of 7
बरसाना में भक्तों से सूना राधारानी का मंदिर - फोटो : अमर उजाला
नंदगांव से आई बधाई 
राधारानी की नगरी में सखी भाव के प्रवेश मिलने के कारण हजारों की संख्या में नर और नारी सखी बनके बधाई मांगते घूम रहे हैं। पंजाब से आई राधिका दासी ने बताया हमने जो साड़ी पहन रखी है वह गौने में मिली थी। ये साड़ी उन्होंने जयपुर से मंगाई थी। बाबा नंद के गांव से नंद और यशोदाजी की तरफ से नंदगांव वासी बधाई देने पहुंचे। मंदिर में फूल बंगला और छप्पन भोग के दर्शनों का आयोजन हुआ। बरसाना वासियों ने भांग ठंडाई और प्रसाद देकर स्वागत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
राधारानी के जन्म पर उल्लास में डूबे भक्त - फोटो : अमर उजाला
ब्रज की ठकुरानी के स्वागत में झमाझम बरसे मेघा
ब्रज की ठकुरानी के जन्म से पूर्व झमाझम बरसात हुई। ऐसा लग रहा था जैसे स्वयं इंद्रदेव राधारानी के स्वागत के लिए उत्सुक हो अभिषेक कर रहे हों। सुहावने मौसम का श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया। 

बूढ़ी लीला पर होगा राधाष्टमी महोत्सव का समापन
बरसाना में राधाष्टमी से प्रारंभ हुए उत्सवों का समापन बूढ़ी लीला समापन के बाद होगा। नवमी को मोरकुटी पर लड्डू लीला, दसवीं को विलासगढ़ की लीला, एकादशी को सांकरी खोर की चुटिया बंधन लीला, गाजीपुर में डोंगा लीला, द्वादशी को ऊंचागांव का ब्याहुला और त्रयोदशी को सांकरी खोर मटकी लीला होगी।

राधारानी के जन्मोत्सव की धूम: रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा बरसाना, श्रीजी महल में गूंज रही बधाई
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें