आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के दौरेठा नंबर 2 से अगवा ढाई साल के मयंक को पुलिस ने मथुरा के वृंदावन से सकुशल बरामद कर लिया है। उसे एक युवक घर के बाहर से अगवा कर ले गया था। इसके बाद अपने दोस्त को दे दिया था। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का सुराग मिला था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो हिरासत में है। इधर, मासूम मयंक के मिलने के बाद जयप्रकाश के घर में खुशियां लौट आई हैं।
बता दें कि आजमपाड़ा के सत्यम नगर निवासी जयप्रकाश परचून का व्यापार करते हैं। मंगलवार दोपहर को वह अपनी मां कांता देवी, पत्नी मिथिलेश, ढाई साल के बेटे मयंक व चार साल के निशांत के साथ अपनी ननिहाल दौरेठा नंबर दो आए थे। शाम को कांता देवी घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान मयंक घर के बाहर आकर दरवाजे के पास ही खेलने लगा। कुछ देर बाद वह लापता हो गया।