अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ताज यात्रा के लिए चमकाए गए खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक के रूट से कुछ घंटे बाद ही रौनक गायब हो गई सड़कों की धुलाई, अतिक्रमण हटाने, सफाई के विशेष अभियान थम गए। 15 किमी लंबे वीआईपी रूट के डिवाइडर और किनारों पर रखे गए फूलदार गमले मंगलवार सुबह ही गायब हो गए, जबकि सड़क के दोनों ओर रखे ट्रंप-मोदी के फ्लेक्स सोमवार रात में ही उतरवा लिए गए। केवल यूनीपोल पर ही होर्डिंग बाकी रहे।
विज्ञापन
2 of 6
खेरिया
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार को खेरिया से ताज के बीच जो भी निकला, उसी तरह से अचंभे में पड़ गया, जैसा रविवार और सोमवार को था। तब दो दिन सफाई और गमलों में उगी हरियाली देखकर लोग हैरत में थे तो मंगलवार को पहले जैसी ही स्थिति हो जाने पर चकरा गए। ट्रंप के जाने के कुछ घंटे के अंदर ही एयरपोर्ट से ताज तक की सड़कों पर फिर से अतिक्रमण हो गए। स्ट्रीट लाइटों पर भारत अमेरिका के झंडों को छोड़कर सब कुछ हट गया। चौराहों पर लगे गमले और उनमें लगाए फूल तक हटा लिए गए।
विज्ञापन
3 of 6
अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस वीआईपी रूट से निकले, उस रूट के घर के आगे उनके वाहन तक खड़े नहीं होने दिए गए, लेकिन महज 12 घंटे ही बीते यानी रात ही बीती कि सुबह 7 बजे से सड़काें पर अतिक्रमण शुरू हो गए। ईदगाह बस अड्डे के ठीक सामने और दीवार से सटी जगह पर 6 ठेल सुबह ही लग गए। नगला छऊआ की ओर बस अड्डे के प्रवेश द्वार पर ढाबे का पूरा सामान सड़क पर आ गया। फतेहाबाद रोड पर सड़कों के किनारे ही कचरा फेंकना भी शुरू कर दिया गया। बिजली के खंभों और ट्रंासफार्मरों के किनारे कचरे के ढेर लगा दिए गए।
4 of 6
फतेहाबाद रोड
- फोटो : अमर उजाला
ट्रंप फैमिली की ताज यात्रा के कारण पूरी प्रशासनिक मशीनरी का ध्यान स्मार्ट सिटी के अधूरे काम पूरे करने पर था। ऐसे में आनन फानन में खोदाई बंद कराकर डक्ट को कवर कर टाइल्स लगा दिए गए। जल्दबाजी में लगे टाइल्स दो दिन में ही उखड़ गए, वहीं मिट्टी के कांपेक्शन न करने के कारण कई जगह से फुटपाथ धंस गया। सागा एंपोरियम के सामने फतेहाबाद रोड पर स्मार्ट सिटी के तहत खोदाई फिर से शुरू कर दी गई। यहां डक्ट की खोदाई का काम किया जा रहा था, जिसे ट्रंप के दौरे के कारण रोक दिया गया था।
विज्ञापन
5 of 6
चौराहे से झंडे और होर्डिंग्स हटाते मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा के कारण प्रतापपुरा चौराहे से स्टेशन रोड पर सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के सामने गैराज बंद करा दिया गया था। मंगलवार को कारों की मरम्मत का काम फिर शुरू कर दिया गया। ईदगाह रेलवे पुल को रंग रोगन कर चमका दिया गया, लेकिन इसके पास ही होर्डिंग को फिर लगवा दिया गया। अमेरिकी एजेंसियों ने होर्डिंग को उतरवा दिया था। एयरफोर्स स्टेशन गेट के बाहर अजीत नगर से पुल के बीच सड़क पर ही होली रख ली गई, वहीं दुकानदारों ने सामान भी बाहर रख लिया।
‘हमने जी-जान से दिन-रात लगकर एयरपोर्ट से ताजमहल तक सफाई, अतिक्रमण हटाने समेत व्यवस्थाएं की हैं। अब इन्हें बरकरार रखने की जिम्मेदारी लोगों की है। मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी की भावना जब तक नहीं होगी, हमारे काम खराब होते रहेंगे। इन कामों पर आपका ही पैसा खर्च हुआ है, इसे बरकरार रखने का कर्तव्य निभाएं। हम अतिक्रमण, गंदगी पर जुर्माना करेंगे, लेकिन कितने दिन और कहां-कहां। लोग सहयोग दें। अच्छा काम हुआ है तो अच्छा बना रहने दें’ - अरुण प्रकाश, नगर आयुक्त