फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में सड़क-नाला न बनने पर आक्रोश: लोगों ने घरों पर लगाए 'मकान बिकाऊ है', 'चुनाव बहिष्कार' के पोस्टर

Mon, 20 Dec 2021 10:07 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा
विज्ञापन
1 of 7
कई कॉलोनियों में घरों के सामने बह रहा पानी - फोटो : अमर उजाला
आगरा में समस्याओं से जूझ रहे लोगों ने विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का एलान किया है। देवरैठा की 28 कॉलोनियों के लोगों ने सड़क नहीं बनने और जलभराव के विरोध में चुनाव बहिष्कार का एलान किया है। दूसरी तरफ धनौली, अजीजपुर और सिरौली में नाला नहीं बनने के विरोध में 66 दिन से धरना-प्रदर्शन जारी है। घरों पर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगाकर लोगों ने चुनाव में वोट नहीं डालने का फैसला किया है। शंकरगढ़ की पुलिया से देवरैठा, मानसरोवर, विलासगंज रोड स्थित कॉलोनियों के लोगों में सरकारी विभागों की उपेक्षा और जनप्रतनिधियों की अनदेखी से आक्रोश है। इन कॉलोनियों में 25 हजार से अधिक परिवार रहते हैं। 

मानसरोवर नगर में रहने वाले राजेंद्र सिंह ने बताया कि 2008-09 में भीमनगरी समारोह के दौरान यहां विकास प्राधिकरण ने अधूरी सड़क बनाई। 13 साल से सड़क पूरी नहीं बन सकी। बीच रास्ते में जलभराव, गंदगी रहती है। ऊबड़-खाबड़ रास्ते में बच्चे चोटिल हो रहे हैं। वाहन पलट जाते हैं। जिसके विरोध में क्षेत्रीय लोगों में रोष है। चुनाव में कोई वोट नहीं डालने जाएगा। क्षेत्रीय निवासी मनोज कुमार और प्रहलाद सिंह ने कहा कि नेता और अधिकारियों के चक्कर काटते-काटते थक गए। अब संघर्ष से सड़क बनवाएंगे। नेताओं व अधिकारियों को आइना दिखाएंगे। 
विज्ञापन

2 of 7
कई जगह चस्पा किए चुनाव बहिष्कार के पोस्टर - फोटो : अमर उजाला
मास्टर प्लान देखकर खरीदे थे प्लॉट 
क्षेत्रीय निवासी भोरन सिंह ने बताया कि 1972 में मास्टर प्लान बना था। तब यह जयपुर रोड से लिंक वैकल्पिक मार्ग था। जब हमने यहां प्लॉट खरीदे तो हमें सड़क, बिजली व अन्य सुविधाएं दिखाई गईं, लेकिन 40 साल बाद भी यहां विकास नहीं हुआ। 

पीएम तक भेजी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
क्षेत्रीय निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि डीएम से लेकर सीएम और प्रधानमंत्री तक शिकायतें भेजीं। 13 साल से सड़क नहीं बनी। यहां रहने में शर्म आती है। सरकारी विभाग की लापरवाही से तंग आ चुके हैं। इंद्रा सिंह ने कहा कि रास्ते में गंदा पानी भरा रहता है। 50 से अधिक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सरकारी विभाग एक दूसरे पर टालते रहते हैं। समस्या का समाधान कोई नहीं करता। 
विज्ञापन

3 of 7
विरोध प्रदर्शन करते स्थानीय लोग - फोटो : अमर उजाला
इन कॉलोनियों के लोग परेशान
पंचशील कॉलोनी, नवनीत नगर, मानसरोवर कॉलोनी, विलासगंज, शंकरगढ़ पुलिया, दौरेठा, सैनिक नगर, आनंद विहार, वायु विहार, अवधपुरी नई आबादी, सरस्वती नगर, गोविंद एन्कलेव, महावीर नगर, विराट आशियाना, दौरेठा नंबर एक व दो, न्यू आजमपाड़ा, अंबे विहार, मुकुंद नगर, नई बस्ती विलासगंज, कलवरी, विवेक विहार, मुन्नी विहार, सिकंदर कॉलोनी, विरोना विहार आदि कॉलोनियों के लोग परेशान हैं। 

4 of 7
धनौली में धरना स्थल पर लगा पोस्टर - फोटो : अमर उजाला
धनौली, अजीजपुर, सिरौली रोड सहित जगनेर रोड पर सड़क के दोनों किनारों पर एक किमी तक घरों पर मकान बिकाऊ और चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चस्पा हैं। रविवार को नाला निर्माण के लिए 68वें दिन क्षेत्रीय लोगों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जिन्हें वोट दिया उन्होंने क्षेत्र में काम नहीं कराए तो अब वोट देने से क्या फायदा।
विज्ञापन

5 of 7
विरोध प्रदर्शन करते क्षेत्रीय लोग - फोटो : अमर उजाला
13 अक्तूबर से सिरौली रोड पर गंदे पानी की स्थायी निकासी के लिए नाला निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोग आंदोलित हैं। चौधरी प्रेम सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी से आराधना गैस गोदाम तक सड़क के दोनों तरफ मकान बिकाऊ व चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चस्पा हैं। दो दिन से पोस्टर लगा रहे हैं। जलभराव के कारण पानी घरों में भर जाता है। कई लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में उन्होंने मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए हैं। क्षेत्रीय निवासी कोमल सिंह ने बताया कि जिन नेताओं को हमने चुनकर भेजा था उन्होंने काम नहीं कराया। हम व्यक्तिगत नहीं, जनहित के लिए लड़ रहे हैं। 
विज्ञापन

6 of 7
मकान बिकाऊ है का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला
मकान में आईं दरारें 
स्थानीय निवासी राजकुमारी ने कहा कि जय अंबे नगर में मकान में पानी भरने से दरारें आ गईं। मकान की छत गिर पड़ी। गनीमत रही किसी की जान नहीं गई। पूरे क्षेत्र में मकानों का यही हाल है। प्रीति चाहर ने कहा कि 20 साल से हम गंदगी में रहने को मजबूर हैं। नेताओं को वोट दिए थे। पांच साल में कोई काम नहीं कराया। हर बार बहाना बनाते हैं। इस बार मैं वोट नहीं डालूंगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
घरों के सामने भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
ये हैं प्रमुख समस्याएं 
- बिजली के खंबों पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। 
- सड़क नहीं बनने से बीच रास्ते में जलभराव है। 
- पाइप लाइन से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं। 
- क्षेत्र में गंदगी बिखरी रहती है, सफाई नहीं होती। 
- नालियां नहीं होने से क्षेत्र में पानी भर जाता है। 
- सीवर पाइप लाइन अधूरी बिछी हैं, चालू नहीं हुई। 

समस्याओं को दूर कराया जाएगा- एडीएम सिटी
एडीएम सिटी अंजनी कुमार ने कहा कि मामला मेरी जानकारी में नहीं है। क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को दूर कराया जाएगा। नाला निर्माण के लिए बजट शासन से मांगा है। चुनाव बहिष्कार कोई विकल्प नहीं होता। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें