लगातार पैसों की मांग पूरी करते-करते सवा लाख रुपये के कर्ज में डूबे प्रेमी ने प्रेमिका की दो गोलियां दागकर हत्या कर दी थी। उससे पहले प्रेमिका को खेत पर बुलाया था। फरह पुलिस ने 36 घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तमंचा, मृतका का मोबाइल बरामद किया है। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि नौ सितंबर को फरह के गांव जमालपुर में नीरज (30) पत्नी धीरेंद्र के सीने और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। गौरतलब है कि इसकी सूचना खेत पर काम करने आई एक महिला ने दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन में प्रेम प्रसंग की जानकारी जुटाई थी।