मथुरा के गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेला में देवशयनी एकादशी पर आसमान में उमड़ती काली घटाओं के बीच गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रिमझिम फुहारों के बीच लोगों ने सप्तकोसीय परिक्रमा शुरू हुई। इससे संपूर्ण परिक्रमा मार्ग पर मानव श्रृंखला बन गई। श्रद्धालुओं में गिरिराज जी के प्रति आस्था देखते ही बन रही थी। राधाकृष्ण के जयकारों के साथ संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं के मन में भक्ति के भाव हिलोर लेते रहे। श्रद्धालुजन राधे-राधे, श्याम मिला दे, गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट बिराज रह्यौ के भक्ति गीत गाते अपने इष्ट की परिक्रमा लगा रहे थे। इस दौरान गोवर्धन महाराज के जयकारों से गिरिराज जी की तलहटी गुंजायमान हो उठी। परिक्रमा के लिए भक्तों की भीड़ शनिवार शाम से उमड़ने लगी थी। रविवार की सुबह एकादशी पर भक्तों की संख्या सैलाब में बदल गई। सुबह से आकाश में काली घटाओं और हल्की फुहारों के साथ लोग परिक्रमा करते रहे।
विज्ञापन
2 of 8
बसों का इंतजार करते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
बारिश बंद होने के बाद ठंडी हवाओं के झोंकों ने मौसम को सुहावना बना दिया। ऐसे में भक्तों के कदमों में और रफ्तार आ गई। वहीं भीड़ के दबाव को देखते हुए प्रशासन की व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं। देवशयनी एकादशी की पूर्व संध्या पर शनिवार को गिरिराज परिक्रमा को आए श्रद्धालुओं को रविवार सुबह लौटते समय घंटों गोवर्धन में रोडवेज बसों का इंतजार करना पड़ा। मुड़िया पूर्णिमा के लिए रोडवेज बस संचालन की व्यवस्था चरमरा गई। इससे श्रद्धालु परेशान नजर आए। सैकड़ों श्रद्धालु गोवर्धन के बस स्टैंड पर बैठे बसों का इंतजार करते रहे।
विज्ञापन
3 of 8
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
श्रीबांकेबिहारी के किए दर्शन
देवशयनी एकादशी के पर्व पर वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। परिक्रमा देने से पूर्व श्रद्धालुओं ने यमुना स्नान भी किया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भी भीड़ जुटी रही। रविवार की प्रात: से ही संपूर्ण परिक्रमा मार्ग राधे-राधे और ठाकुर श्रीबांकेबिहारी की जय-जयकार से गुंजायमान हो उठा।
4 of 8
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
परिक्रमा मार्ग में महिलाओं, बच्चे, वृद्ध एवं जवानों के झुंड दिखाई दे रहे थे। प्रात: काल से शुरू हुआ परिक्रमा का क्रम देर शाम तक अनवरत रूप से चलता रहा। सुबह गिरी फुहारों से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन 11 बजे के बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी। परिक्रमा मार्ग में कई जगह सड़कों की उखड़ी कंकरीट और दौड़ते वाहनों के कारण परिक्रमार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
5 of 8
मंदिर में भक्त पूजा करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
इसके साथ ही देवशयनी एकादशी पर वृंदावन के मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम हुए। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह और शाम को बांकेबिहारी मंदिर में सुंदर फूलबंगला सजाया गया। जहां फूलबंगले की छांव में विराजमान ठाकुरजी ने भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर प्रांगण में आ रही भीनी भीनी फूलों की सुगंध से मन प्रफुल्लित हो रहा था।
विज्ञापन
6 of 8
भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन की सड़कें फिर हुईं जाम, भक्त हुए बेहाल
आए दिन लगने वाले जाम ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ वृंदावन आने वाले बाहरी श्रद्धालुओं को एक बार फिर जाम की समस्या से जूझना पड़ा। रविवार को शहर की सड़कें जाम हो गईं। पुलिस की व्यवस्था कहीं नहीं दिखाई दी। वृंदावन प्रत्येक शनिवार, रविवार और त्योहारों के दिनों में भीड़भाड़ के मामले में महानगर में तब्दील हो जाता है लेकिन यहां यातायात को नियंत्रित करने का कोई सर्वमान्य विकल्प अभी नजर नहीं आता है। रविवार को वाहनों की भीड़ का सबसे अधिक प्रभाव मथुरा-वृंदावन रोड, छटीकरा वृंदावन रोड, विद्यापीठ चौराहे से रमणरेती इस्कॉन मंदिर के अलावा प्रेम मंदिर के समीप तक नजर आया। इससे वाहन तो दूर, पैदल आदमी तक को निकलने में परेशानी हुई।
विज्ञापन
7 of 8
भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मुड़िया पूर्णिमा पर सनातन परंपरा के होंगे लाइव दर्शन
संत सनातन परंपरा का इस बार भव्यता के साथ निर्वहन किया जाएगा। रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी के महंत केशव दास ने बताया कि इस बार मुड़िया पूर्णिमा मेले में एक करोड़ से अधिक भक्तों के आने की संभावना है। किसी कारण से देश-विदेश से भक्त राधाकुंड रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी पर नहीं आ पाएंगे। उन भक्तों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी की ओर से सोशल मीडिया के जरिए लाइव दर्शन कराने का निर्णय लिया है। गौड़ीय संत सिर मुड़ा कर भजन संकीर्तन करते हुए गिरराज महाराज की परिक्रमा कर परंपरा का निर्वाह करेंगे। इस वर्ष 466वां गुरु पूर्णिमा महोत्सव रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी के संतों की ओर से मनाया जाएगा। गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान रघुनाथ दास गोस्वामी गद्दी पर धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो गए हैं, जो मुड़िया पूर्णिमा तक जारी रहेंगे। 13 जुलाई को संत सनातन के चित्र के साथ तमाम संत हरि नाम संकीर्तन करते परिक्रमा लगाएंगे।
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
देवशयनी एकादशी पर मंदिरों में हुए धार्मिक आयोजन
देवशयनी एकादशी के उपलक्ष्य में राधाकुंड के मंदिरों में धार्मिक उत्सवों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर अपने आराध्य के दर्शन कर मनौती मांगी। मंदिरों में फूल बंगला सजाए गए। मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया।