उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में अमांपुर रोड पर बच्चा चोर बताते हुए भीड़ ने गल्ला मंडी के पास मोबाइल टॉवर के चार टेक्नीशियन के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं उनकी कार पलट दी और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। काफी देर तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला, जिसके बाद यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी मॉब लिंचिंग का शिकार हुए युवकों को बचाते रहे, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था। बाद में अतरिक्त पुलिसबल पहुंचने पर उन चारों युवकों को भीड़ से बचाया जा सका। इसके बाद बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी, लेकिन पुलिस की जांच पड़ताल में बच्चा चोर गिरोह का मामला गलत निकला। बताया गया कि जियो रिलायंस एवं ऐयरटेल कंपनी के गल्ला मंडी के पास लगे टॉवर की जांच के लिए राजस्थान के टेक्नीशियन पुष्पेंद्र सिंह, रोहन सिंह निवासी वासी बिरहना जिला भरतपुर, अजय निवासी लुलहारा भरतपुर, विष्णु निवासी तालफरा भरतपुर राजस्थान एक ईको कार में सवार थे।