आगरा नगर निगम सदन कक्ष में शनिवार अपराह्न 3 बजे से विशेष अधिवेशन की शुरुआत हुई। पार्षद रवि बिहारी माथुर ने टोरंट पावर के खिलाफ 25 वें (विशेष) अधिवेशन में धारा 88 (2) के तहत प्रस्ताव पेश किया। उसके बाद संशोधित प्रस्ताव नगर निगम सदन के सामने रखा गया। इसी बीच मेयर नवीन जैन के पास एक फोन कॉल आई और पार्षद प्रकाश केसवानी ने अनुमति लेकर बोलना शुरू किया कि मेयर साहब को बाहर जाना है, इसलिए टोरंट पावर पर विशेष अधिवेशन अब स्थगित कर दिया जाए। सदन में एकदम सन्नाटा खिंच गया। विपक्षी पार्षद कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 दिसंबर को वाराणसी में ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के साथ बैठक करने वाले हैं। उनके आगमन से पहले नगर विकास मंत्री तैयारियों के लिए बैठक करना चाहते हैं, जिसके लिए उन्हें वाराणसी जाना होगा। इसलिए टोरंट पावर पर विशेष अधिवेशन में चर्चा नहीं हो पाएगी। इसे स्थगित किया जाता है बाद में इसके लिए नई तारीख जारी की जाएगी। मेयर के इतना कहते ही पार्षदों ने टोरंट पावर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।