फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्रज में होली का उल्लास: बांकेबिहारी मंदिर में बरसे आस्था के रंग, वृंदावन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Mon, 14 Mar 2022 04:09 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, वृंदावन (मथुरा)
विज्ञापन
1 of 6
वृंदावन में उमड़ा आस्था का सैलाब - फोटो : अमर उजाला
रंगभरनी एकादशी पर वृंदावन में होली का उल्लास उमड़ पड़ा। देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे हैं। सोमवार तड़के से ही ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के बाहर भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। पट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर ठाकुरजी के जयकारों से गुंजायमान हो गया। बरसाना और नंदगांव की प्रसिद्ध लठामार होली के बाद रंगभरनी एकादशी पर जन जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज ने भक्तों संग होली खेली। रंगीली होली पर ठाकुरजी ने जब भक्तों संग होली खेली तो लगा कि संपूर्ण ब्रह्मांड इस दिव्य दर्शन के लिए ठहर गया। प्रेमावेश से लवरेज जनसमुद्र मंदिर परिसर में हिलोरे मार रहा था। रंग और गुलाल के उड़ते गुबार, फूलों से हुई होली के रंग में मंदिर परिसर सराबोर हो गया। हजारों भक्त अपने आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी को नयनों में भरने की अभिलाषा लिए मंदिर में पहुंचे और दर्शन पाकर कृतार्थ हुए।
विज्ञापन

2 of 6
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
सोमवार की सुबह तय समय से लगभग आधे घंटे पूर्व पट खुलते ही बांकेबिहारी मंदिर के बाहर अपने आराध्य के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहा जन समुद्र मंदिर परिसर में जयकारे लगाते हुए प्रवेश कर गया। रंगभरनी एकादशी पर मंदिर के सेवायतों ने सबसे पहले रजत सिंहासन पर श्वेत पोशाक धारण कर विराजमान ठाकुर बांकेबिहारीजी पर स्वर्ण पिचकारी से केसर निर्मित रंग डालकर वृंदावन में परंपरागत होली का शुभारंभ किया।
विज्ञापन

3 of 6
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
बांकेबिहारी मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल, रंगों की बौछार और फूलों की होली से सतरंगी छटा छा गई। सेवायत टेसू के फूलों, केसर के रंगों से निर्मित प्राकृतिक रंगों को पिचकारियों में भरकर श्रद्धालुओं पर वर्षा कर रहे थे। रंग और गुलाल में सराबोर हुए भक्तों को खुशी का ठिकाना ना रहा। 

4 of 6
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी मंदिर में गोपी के गाल गुलाबिन पै, मल लाल गुलाल लगावत लाला और बहुत दिनन सों तुम मनमोहन, फागहि फाग पुकारे। आज देखियों सैल फाग की, पिचकारिन के फुहारे आदि होली के गीतों को गाकर ठाकुरजी को रिझाया। होली के रंगों से सराबोर भक्त अपने आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी की गगनभेदी जयकारे लगाकर अपने प्रेम को बयां कर रहे थे।  
विज्ञापन

5 of 6
श्रीरंगजी मंदिर में प्रस्तुति देते कलाकार - फोटो : अमर उजाला
होली के इसी क्रम में वृंदावन शोध संस्थान, संस्कृति मंत्रालय के प्रकल्प उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज एवं श्रीरंगजी मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में पुंग चोलम एवं ढोल चोलम नृत्य का मनोहारी प्रस्तुतिकरण किया गया। श्रीरंगजी मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम की विविधताओं को देख लोगों का उत्साह बढ़ता ही जा रहा था। इस दौरान मणिपुर कल्चरल ग्रुप के श्याम सिंह ने बताया कि यह मणिपुर का प्रसिद्ध नृत्य है। मांगलिक अवसरों पर इसका प्रस्तुतिकरण होता है। श्रीरंगजी मंदिर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनघा श्रीनिवासन ने कहा कि रंगभरनी एकादशी के अवसर पर इस कार्यक्रम के माध्यम से होली के आनंद और बढ़ाया गया है। श्रद्धालुजन इस कार्यक्रम के माध्यम से आनंदित हुए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
रंगभरनी एकादशी पर वृंदावन की पंचकोसी परिक्रमा देने के लिए लाखों लोग उमड़ पड़े। भीड़ के आगे पुलिस प्रशासन की सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। अटला चुंगी पर भीड़ में लगे जाम के कारण एंबुलेंस फंस गई। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद ना तो जाम खुला और ना ही परिक्रमा देने वाले श्रद्धालुओं को रोक सके। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें