आगरा के एमजी रोड पर शुक्रवार को बीएड परीक्षार्थियों की भीड़ से दिन भर जाम की समस्या रही। वाहन रेंग-रेंगकर निकले। पांच मिनट की दूरी तय करने में भी 15 मिनट का समय लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। बारिश की वजह से हाईवे पर हुए जलभराव से जाम लगा। सुबह से शाम यही समस्या रही।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएड प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। पहली पाली सुबह आठ से 9:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से चार बजे तक थी। परीक्षा के लिए एमजी रोड के आगरा कॉलेज और सेंट जोंस कालेज के अलावा आरबीएस कॉलेज को भी सेंटर बनाया गया था। एमजी रोड पर आगरा कालेज के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ के साथ वाहन भी खड़े हुए थे। इससे कालेज के सामने जाम लगने लगा। सुबह की पाली की परीक्षा छूटने पर लोगों को समस्या हुई।
विज्ञापन
2 of 5
जाम
- फोटो : अमर उजाला
दोपहर में परीक्षा शुरू होने पर परीक्षार्थियों के आने पर एक बार फिर दिक्कत होने लगी। सेंट जोंस कॉलेज की तरफ से नालबंद की तरफ जाने वाले वाहनों की लाइन लग गई। वहीं नालबंद की तरफ से आने वाले वाहनों का इमरजेंसी की तरफ टर्न लेने से भी नालबंद की तरफ से आने वाले वाहन फंस गए। इमरजेंसी पर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
वह किसी तरह वाहनों को निकाल रहे थे। यही हाल आरबीएस कालेज मार्ग पर भी रहा। वहीं शाम साढ़े चार बजे फतेहाबाद रोड पर ताज व्यू तिराहे पर भी जाम की समस्या रही। यहां पर मेट्रो का काम चल रहा है। परीक्षार्थियों की भीड़ से जाम लगा।
4 of 5
आईएसबीटी के पास लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बारिश से कई रास्तों पर फंसे वाहन
शुक्रवार को दोपहर में बारिश से भी कई रास्तों पर जलभराव हो गया। इससे मदिया कटरा, भोगीपुरा, सिकंदरा पुल, वाटर वर्क्स पुल, लोहामंडी आदि मार्ग पर जाम में वाहन फंस गए। एक घंटे तक यही समस्या रही। वहीं हाईवे पर वाटर वर्क्स से भगवान टाकीज और आईएसबीटी से गुरुद्वारा गुरु का ताल तक जाम की समस्या रही।
सदर के रोहता में ग्वालियर हाईवे पर जलभराव की वजह से शुक्रवार दोपहर को गड्ढे में फंसकर ट्रैक्टर पलट गया। इसमें राहगरी बाल-बाल बच गए। लोगों का कहना था कि न्यू सुरक्षा विहार कालोनी के सामने सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे जलभराव की समस्या हो गई है। कई बार लोग शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।