नवोदय छात्रा की मौत के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को नवोदय विद्यालय में तीन पूर्व छात्राओं से पूछताछ की। ये छात्राएं मृतका के साथ पढ़ती थीं। शुक्रवार को परिजनों के साथ पहुंची इन छात्राओं से एसआईटी ने चार घंटे तक जानकारी जुटाई। इस दौरान क्राइम सीन पर भी फोरेंसिक टीम व एक्सपर्ट छानबीन करते रहे। शुक्रवार को एसआईटी सुबह 11 बजे विद्यालय पहुंची। यहां पहले से ही मृतका के साथ पढने वाली तीन छात्राओं को बुलाया गया था। उनसे एसआईटी ने छात्रा के बारे में जानकारी जुटाई। एसआईटी ने ये भी जानने की कोशिश की कि छात्रा पढ़ाई में कैसी थी, घटना से पहले उसका बर्ताव कैसा था। साथ ही घटना के दिन को लेकर भी एसआईटी ने छात्राओं से सवाल जवाब किए। करीब चार घंटों तक एसआईटी ने उनसे गहन पूछताछ की। इस पर एसआईटी के कुछ सदस्य हॉस्टल व अन्य परिसर में छानबीन करते रहे। कुछ स्कूल स्टाफ से भी इस बीच पूछताछ की गई।