आगरा में महाशिवरात्रि पर्व पर शहर के शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी उमड़ रही है। शहर के प्राचीन मंदिरों के साथ-साथ अन्य सभी मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए हैं। शहर के चारों कोनों पर भगवान शिव के मंदिर के स्थापित हैं। मध्य भाग में श्री मनकामेश्वर और रावली महादेव भक्तों की रक्षा कर रहे हैं। जानिए इन शिव मंदिरों का महत्व...।
विज्ञापन
2 of 6
सिकंदरा स्थित कैलाश महादेव मंदिर
पांच हजार वर्ष से पुराना है कैलाश महादेव का दरबार
कैलाश महादेव का दरबार पांच हजार वर्ष से भी अधिक पुराना है। यहां दो शिव लिंग स्थापित हैं। मंदिर के मठ महंत महेश गिरि ने बताया कि कैलाश महादेव की स्थापना भगवान परशुराम और उनके पिता जमद्गिनी द्वारा की गई बताई जाती है। भारत के एकाध मंदिरों में ही दो शिव लिंग स्थापित है। मंदिर से सीधे जाया जाए तो महर्षि परशुराम के पिता का आश्रम रेणुका धाम भी बमुश्किल छह किलो मीटर की दूरी पर स्थिति है। यमुना के किनारे पर बना यह मंदिर पहले छोटा था। कैलाश मंदिर विकास ट्रस्ट के गठन के बाद से इसके जीर्णोद्धार का कार्य लगातार चल रहा है।
विज्ञापन
3 of 6
बल्केश्वर महादेव मंदिर
बेल वृक्ष के जड़ से प्राकट्य हैं बल्केश्वर नाथ
बल्केश्वर नाथ महादेव का दरबार शहर के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है। महंत सुनील कांत नागर के मुताबिक मंदिर का सही नाम बिल्वकेश्वर नाथ महादेव है। यह करीब 700 वर्ष पुराना है। बताया जाता है कि पहले यहां बेल के वृक्षों का जंगल था। बिल्वकेश्वर नाथ महादेव बेल वृक्ष के जड़ से प्राकट्य हैं। इनके दरबार में पहुंचने वाले सच्चे भक्तों की इच्छा पूरी होती है। बाबा के भभूत में बड़ी शक्ति है।
4 of 6
भगवान पृथ्वीनाथ महादेव
अद्भुत है पृथ्वीनाथ महादेव का दरबार
प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव का दरबार फतेहपुर सीकरी रोड पर है। पृथ्वीनाथ के मंदिर में कहा जाता है कि यह मंदिर पृथ्वी के गर्भ से अवतरित हुआ था। शताब्दियों पहले खोदाई में अनूठे शिव लिंग सहित इसके चारों खंभे पृथ्वी के गर्भ से निकले थे। मंदिर के अशोक पुजारी ने बताया कि उन्होंने अपने पूर्वजों से सुना है कि श्रीकृष्ण जी ने जहां जहां लीला रचाई वहां शिव जी दर्शन को जाते थे। इसलिए पृथ्वीनाथ महादेव की प्रतिमा द्वापर युग की बताई जाती है। इसके बारे में बताया जाता है कि कन्नौज से युद्ध करके लौट रहे पृथ्वीराज चौहान ने यहीं पर रात्रि विश्राम किया था।
विज्ञापन
5 of 6
भगवान राजेश्वर महादेव
सैकड़ों वर्ष पुराना है राजेश्वर महादेव मंदिर
राजेश्वर मंदिर का इतिहास करीब 850 से 900 वर्ष पुराना बताया जाता है। यह शहर के चारों कोनों पर स्थित भोले बाबा के मंदिरों में से एक है। मंदिर के बारे में बताया जाता है कि राजा खेड़ा का एक सेठ नर्मदा नदी के समीप से बैलगाड़ी से शिव लिंग स्थापित करने के लिए ले जा रहा था। वर्तमान मंदिर स्थल के पास एक कुंआ था, वहां वह विश्राम के लिए रुका। आराम के दौरान उसे शिवजी ने सपना दिखाया कि उनको वहीं स्थापित कर दिया जाए। लेकिन सेठ माना नहीं और शिवलिंग ले जाने की कोशिश करने लगा पर शिवलिंग वहां से हिला नहीं और शिवलिंग को यहीं स्थापित कर दिया गया।
शहर के चारों कोनों पर मंदिरों के साथ-साथ शहर के मध्य में श्री मनकामेश्वर का महादेव का मंदिर है। मंदिर के महंत योगेश पुरी के मुताबिक मंदिर अति प्राचीन है। बालकृष्ण के दर्शन करने जाते समय भगवान शिव यहां आए थे। उन्होंने बालकृष्ण के दर्शन की मनोकामना की थी। तभी से भगवान का नाम मनकामेश्वर हो गया। इसी प्रकार रावली महादेव मंदिर भी शहर का प्राचीन मंदिर है। अंग्रेजों ने यहां रेलवे लाइन बिछाने के लिए मंदिरों को शिफ्ट करने का प्रयास किया था लेकिन वहां मंदिर को नहीं हटा सके। उल्टा रेलवे लाइन को शिफ्ट किया गया। रावली मंदिर पर रेलवे लाइन में बड़ा मोड़ है।