मथुरा के नंदगांव में विश्व प्रसिद्ध लठामार होली की तैयारियां जोरों पर हैं। हुरियारे प्रेमपगी लाठियों से बचने को ढाल और पाग को संभाल रहे हैं तो हुरियारिनें अपनी लाठियों को तेल पिला रही हैं। होली के रसिया, दोहों और पदों को गाकर हुरियारे अनेक तरह से लठामार होली के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। कोई ढालों को सजा रहा है तो कोई नई धोती बगलबंदी तैयार करा रहा है। युवाओं के साथ बुजुर्ग और बच्चों में भी लठामार होली को लेकर उत्साह है। ब्राह्मण समाज के घर-घर में लठामार की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।