कहते हैं भगवान अपने भक्त के भाव के वशीभूत होते हैं। इसी अटूट आस्था और भक्ति की कहानी आपने सुनी होंगी, लेकिन वृंदावन में बालगोपाल की भक्ति और भाव का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। तीर्थनगरी में दर्शन को आई एक महिला श्रद्धालु के बाल गोपाल गुम हो गए, जिनकी खोज में महिला अपनी सुध-बुध खो बैठी है। महिला श्रद्धालु ने इश्तिहार देकर बालगोपाल को खोजने वाले को 10 हजार रुपये तक का इनाम देने की घोषणा की है। मंदिर के बाहर बैनर भी लगवाए हैं।
फिरोजाबाद के टूंडला के गांव बाघई की रहने वाली शशि सिंह ने 21 जुलाई को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में फूल बंगला सजवाया था। उस दिन दोपहर में राजभोग आरती हुई। उन्होंने बालगोपाल को वहां बने एक आले में विराजमान कर दिया। इसके बाद वह प्रसाद लेने चली गईं। जब वह वापस आईं तो उनको बालगोपाल वहां नहीं मिले।