बारिश के मौसम में सांप बिलों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों पर शरण ले रहे हैं। कभी घर के बाथरूम में घुस जाते हैं तो कभी साइकिल को ठिकाना बना लेते हैं। इस बार एक अजगर गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल के गेट तक पहुंच गया। ताज पूर्वी गेट के पास होटल की पार्किंग में खड़े ई-रिक्शा के बैटरी पैनल में आठ फीट लंबा अजगर घुस गया। जब गोल्फ कार्ट लोगों ने अजगर को देखा तो उनके होश उड़ गए। आसपास खड़े पर्यटक भी दहशत में आ गए। मौके पर पहुंची वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने विशाल अजगर को सावधानी से बाहर निकाला, उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
ताजमहल पूर्वी गेट से महज 200 मीटर की दूरी पर होटल ताज खेमा है। मंगलवार की सुबह होटल की पार्किंग में आगरा विकास प्राधिकरण के गोल्फ कार्ट में आठ फीट लंबा अजगर घुसते हुए देखा गया। होटल के कर्मचारी ने तुरंत पास ही स्थित वन विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद वाइल्डलाइफ एसओएस को सूचित किया गया।