एटा में बिजली कटौती से हर कोई परेशान है। सबसे अधिक दिक्कत का सामना किसानों को करना पड़ रहा है। सिंचाई न हो पाने से उनकी फसलें सूख रही हैं। विद्युत कटौती को लेकर आक्रोशित किसान सड़क पर उतर आए। बृहस्पतिवार को सकीट में एटा मैनपुरी रोड पर किसानों ने करीब चार घंटे तक जाम लगाया। शहर में गंगनपुर फीडर पर दो घंटे ओसीबी मशीन को बंद करा दिया। वहीं पिलुआ में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
ओसीबी मशीन की बंद
बृहस्पतिवार दोपहर शिकोहाबाद रोड स्थित गंगनपुर फीडर पर गांव उमरायपुर, शरदलगढ, घुटलई, मानपुर, भदों, मनसुखपुर, पुरा के आक्रोशित किसान एकत्रित हो गए। उन्होंने फीडर के अंदर ओसीबी मशीन को बंद कर दिया। किसानों का कहना था कि 24 घंटे में सिर्फ एक घंटे बड़ी मुश्किल से विद्युत आपूर्ति मिल रही है। जिसकी वजह से धान, मक्का व बाजरा की फसलें सूख रही हैं। करीब दो घंटे तक मशीन को बंद रखा। बाद में पुलिस ने पहुंचकर किसानों को समझाते हुए मशीन को चालू कराया। सत्यपाल सिंह, दिनेश कुमार, मंगलेश, कुलदीप, वीरेंद्र, अंकित, हरप्रसाद आदि मौजूद रहे।