फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधी रात को जन्मे कन्हैया, तीर्थनगरी में राधे-राधे की गूंज, देखिए जन्माष्टमी की अद्भुत तस्वीरें

Sat, 24 Aug 2019 11:30 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वृंदावन (मथुरा)
विज्ञापन
1 of 9
कान्हा के जन्मोत्सव पर रोशनी से नहाया नंदभवन - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्माष्मी पर ब्रज में भक्तों का अथाह सागर उमड़ रहा है। मथुरा से लेकर वृंदावन तक राधे-राधे की गूंज सुनाई दे रही है। शुक्रवार को वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर, नंदगांव के नंदभवन और बरसाना में कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रात 12 बजे जैसे ही कान्हा का जन्म हुआ, बांकेबिहारी की नगरी लाला के जयकारों से गूंज उठी। रंगबिरंगी रोशनी से सजे मंदिर में रात को बांकेबिहारी का अभिषेक हुआ। चांदी के पालने में जन-जन के आराध्य ने भक्तों को दर्शन दिए और वर्ष में एक बार होने वाली मंगला आरती रात 1:55 बजे हुई। 
विज्ञापन

2 of 9
बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले रास्ते में भीड़ - फोटो : अमर उजाला
बांकेबिहारी मंदिर में लाला कन्हैया के जन्म की तैयारियों के बीच देश-विदेश से आए भक्तों का मंदिर के बाहर एवं गलियों में सैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई भक्त अपने आराध्य के जन्म का साक्षी होने की लालसा लिए कदम आगे बढ़ा रहा था। 
विज्ञापन

3 of 9
बांकेबिहारी मंदिर के बाहर भक्त - फोटो : अमर उजाला
आधी रात होने पर भी लाखों भक्त ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की गलियों, चबूतरा पर खड़े होकर मंदिर के पट खुलने का इंतजार कर रहे थे। रात 12 बजे मंदिर के सेवायत मनोज गोस्वामी ने पंचामृत एवं जड़ी बूटियों से ठाकुरजी का अभिषेक किया। इस बीच मंदिर के चबूतरे पर गोस्वामीजन भगवान कृष्ण के जन्म की लीला का भक्तों को श्रवण करा रहे थे। 

4 of 9
बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
अभिषेक के बाद मंदिर के जगमोहन में चांदी से जड़ित पालने में ठाकुरजी ने भक्तों को दर्शन दिए। कुछ ही समय के पश्चात वर्ष में एक बार होने वाली मंगला आरती रात 155 बजे हुई। इसके बाद रात 2 से 5:30 बजे तक प्रभु ने भक्तों को नयनाभिराम दर्शन दिए। ठाकुरजी ने जड़ेमा पीले रंग की पोशाक व सोने, चांदी, जवाहरात, हीरा मोती के आभूषण धारण कर रखे थे। मंदिर कन्हैया के जयकारों से गूंज उठा। 
विज्ञापन

5 of 9
वृंदावन के प्रेम मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
प्रेम मंदिर में रात्रि 12 बजे पुजारियों ने चांदी के पात्रों से दूध, दही, शहर, शक्कर, यमुना जल एवं जड़ी बूटियों से भगवान कृष्ण का महाभिषेक किया। इस दौरान पीले वस्त्र पहने 1 हजार भक्तों ने एक साथ शंख ध्वनि की। शंख ध्वनि से मंदिर गुंजायमान हो गया। 
विज्ञापन

6 of 9
वृंदावन के प्रेम मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण का अभिषेक होते ही भक्त नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल के बोलों के साथ नृत्य करने लगे और एक-दूसरे को भगवान कृष्ण के जन्म की बधाई देने लगे। वहीं मंदिर रंगबिरंगी रोशनी से जगमगा रहा था। मंदिर को देखकर हर कोई के मुंह से निकल रहा था वाह।
विज्ञापन

7 of 9
भव्य रूप से सजाया गया नंदभवन - फोटो : अमर उजाला
नंदगांव-बरसाना की विशेष परंपरा के अनुसार रक्षाबंधन के ठीक आठ दिन बाद यहां श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जाता है। इसी कारण नंदगांव में भी 23 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई गई। आज नंदोत्सव मनाया जाएगा। अष्टमी की संध्या से ही बरसाना के गोस्वामी समाज के लोग नंद भवन पहुंचते हैं। 

8 of 9
केशव मंदिर में कान्हा का अभिषेक करते सेवायत - फोटो : अमर उजाला
प्राचीन केशव मंदिर में की गई आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं का मन मोह रही थी। जन्म उत्सव का उल्लास आने वाले श्रद्धालुओं को सराबोर कर रहा था। शाम को श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल द्वारा बधाई गायन शुरू हुआ। यशोदा जायौ ललना मैं वेदन में सुन आई, यशोदा जायौ कन्हैया गोकुल में, पलना झुलायौ कंहैया गोकुल में..., हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की आदि भजन गाए। 
विज्ञापन

9 of 9
वृंदावन के कई मार्गों पर की गई बैरीकेडिंग - फोटो : अमर उजाला
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने वन वे प्लान के अनुसार जगह-जगह बैरीकेडिंग लगा दी। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालु सहज मंदिर तक पहुंचे, वहीं मंदिर के आसपास के मोहल्ला में रह रहे लोगों को परेशानी हुई। बांकेबिहारी मंदिर के द्वार संख्या 2 व 3 से भक्तों को मंदिर में प्रवेश मिला, जबकि 1 व 4 से भक्तजनों को मंदिर से बाहर निकलने की व्यवस्था की गई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें