श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा वृंदावन में जन-जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रात्रि 12 बजे ठाकुर बांके बिहारीजी के श्रीविग्रह का दूध, दही, बूरा, शहद और घी से अभिषेक होगा। इसके बाद ठाकुर जी को विशेष शृंगार धारण कराए जाएंगे। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि 19 अगस्त को सुबह 7:45 बजे खुलेंगे और 7:55 मिनट पर शृंगार आरती के दर्शन होंगे। 11 बजे राजभोग आएगा और 12 बजे छींटा देकर पर्दा बंद किया जाएगा। सायंकाल 5:30 से रात्रि 9:30 बजे तक बजे दर्शन खुलेंगे। इससे पहले 9:25 पर शयन भोग आरती और 9:30 बजे पटबंद होंगे। इसके बाद रात्रि 12 बजे से महाभिषेक होगा। यह दर्शन आम दर्शनार्थियों के लिए सुलभ नहीं होंगे। इसके बाद रात्रि रात लगभग 1:45 बजे दर्शन खुलेंगे, इसके बाद 1:55 बजे मंगला आरती प्रारंभ होगी।
कुछ समय के लिए पट बंद होंगे, इसके बाद पुन: 2 बजे से सुबह 5:30 बजे तक ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन भक्तों को होंगे। मंदिर के सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती की परंपरा नहीं है। यहां ठाकुर जी बाल स्वरूप में हैं और रात को निधिवन में रास रचाने जाते हैं। इसलिए सुबह उन्हें उठाया नहीं जाता। ठाकुरजी की मंगला आरती साल में सिर्फ एक बार जन्माष्टमी के दिन होती है। इस दिन कान्हा ठाकुर बनकर रात में भक्तों को दर्शन देते हैं।