आगरा के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर अग्निवीर भर्ती मेला मंगलवार सुबह से शुरू हो गया है। मेले में पहले दिन कासगंज और ललितपुर जिले के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया हुई। इसके लिए सोमवार रात 12 बजे से अभ्यर्थियों के प्रवेश शुरू हो गए। एडीएम वित्त एवं राजस्व यशर्वधन श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस-प्रशासन के अलावा सेना ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। 12 जिलों के 1.75 लाख युवाओं ने भर्ती के लिए पंजीकरण कराया है। एक श्रेणी में एक अभ्यर्थी भाग ले सकता है। देर रात 12 बजे के बाद से युवाओं को भर्ती स्थल में प्रवेश दिया गया। अलसुबह से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई।
अग्निवीर बनने के लिए आगरा आए युवाओं में जोश, जज्बा और जुनून देखने को मिल रहा है। गांव की पंगडंडियों से निकलकर वो न सिर्फ देश सेवा करना चाहते हैं, बल्कि अपने परिवार का नाम रोशन करने का सपना लेकर भर्ती में आए हैं।