मथुरा रेलवे स्टेशन से बच्चा चोरी के मामले में एसओजी के साथ-साथ जीआरपी की टीम गहनता से जांच करने में जुटी है। हाथरस के डॉक्टर दंपती का मामला सामने आने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि मानव तस्करी गिरोह ने कहां-कहां बच्चे दिए हैं। इसके लिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। यदि एक दो वर्ष पहले भी किसी ने बच्चा लिया है तो उसकी भी पड़ताल की जा रही है। उधर, जीआरपी ने कई जिलों में दबिश देकर संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की है।
रेलवे स्टेशन से बच्चा चोरी होने की घटना के बाद जीआरपी और एसओजी मथुरा की टीम ने बच्चा चोरी गैंग का खुलासा किया है। उससे हर कोई हैरान रह गया। पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में गिरोह ने 15 बच्चों को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि यह बच्चे कहां-कहां दिए गए। इसके लिए हाथरस के चिकित्सक दंपती और नर्स से गहनता से पूछताछ की गई। इसमें जो तथ्य निकलकर सामने आए हैं, उसके आधार पर टीम फिरोजाबाद शहर में जांच पड़ताल करने जा सकती है।