आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार दोपहर दयालबाग के रहने वाले एमईएस के इंजीनियर निशांत वशिष्ठ का परिवार हादसे का शिकार हो गया। अगला टायर फटने से तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और कई बार पलटने के बाद 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के दौरान कार का दरवाजा खुलने से इंजीनियर की पत्नी खाई में जा गिरीं। वहीं उनकी आठ माह की बेटी यति की मौत हो गई। घायल इंजीनियर दंपती का इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, ओम साईं रेजिडेंसी, अमर बिहार, दयालबाग निवासी निशांत वशिष्ठ किसी काम से परिवार सहित मैनपुरी गए थे। बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी वैष्णवी, पुत्री यति और केयरटेकर आकांक्षा के साथ दिल्ली लौट रहे थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:10 बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद में पहुंचते ही कार का अगला टायर अचानक फट गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और ऊपर चढ़कर आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन में पहुंचकर कई बार पलटी। करीब 50 मीटर तक घिसटती हुई चली गई। हादसे के दौरान कार का दरवाजा खुलने से वैष्णवी सड़क किनारे 25 फीट गहरी खाई में जा गिरीं। उन्हें गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम ने सभी को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद यति को मृत घोषित कर दिया।