फेसबुक दोस्त के मिलने बांग्लादेश पहुंचे कासगंज के युवक को वहां बंधक बना लिया गया। स्थानीय स्तर पर प्रयास काम नहीं आए तो पिता बांग्लादेश पहुंच गए। वहां पुलिस की मदद से युवक को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नारायणगंज के एक फ्लैट से खोज लिया गया। रविवार रात युवक पिता संग घर लौट गया। पिता का आरोप है कि युवक को एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया था। युवक की फेसबुक दोस्त अपनी बहन की शादी उससे कराना चाहती थी।
कस्बा सहावर के ईंट भट्ठा कारोबारी नसीम का पुत्र जुबैर छह जून को घर से बिना बताए चला गया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला तो घरवालों ने सहावर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस की जांच पता चला कि युवक पश्चिम बंगाल से छह माह के टूरिस्ट वीजा बांग्लादेश गया है। पुलिस ने यह जानकारी विदेश मंत्रालय को दी। इस पर खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया।