फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा: होली के रंग में सराबोर हुई श्रीकृष्ण जन्मभूमि, गुलाल और पुष्प वर्षा के बीच थिरके हुरियारे, देखें अलौकिक तस्वीरें

Mon, 14 Mar 2022 09:23 PM IST
धीरेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

रंगभरनी एकादशी पर मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी ने भक्तों के साथ होली खेली। मंदिर परिसर में फूल, गुलाल और लठामार होली का भव्य आयोजन हुआ।
विज्ञापन
1 of 7
जन्मभूमि पर फूलों की होली खेलते राधा-कृष्ण के स्वरूप - फोटो : अमर उजाला
बरसाना और नंदगांव के बाद सोमवार को रंगभरनी एकादशी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर होली का आनंद बरसा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान होली के रंग में सराबोर हो गया। आसमान में उड़ते गुलाल ने आसपास के वातावरण को भी होली के रंग में रंग दिया। हुरियारों पर बरसती हुरियारिनों की लाठियों की तड़तड़ाहट जन्मस्थान परिसर में गूंज उठी। होली का यह अद्भुत दृश्य देख कान्हा के भक्त आनंदित हो गए। यहां दिन भर चलीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत कर दिया।
विज्ञापन

2 of 7
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हुई लठामार होली - फोटो : अमर उजाला
सोमवार को श्रीकृष्ण-जन्मभूमि की प्रसिद्ध लठामार होली का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। जन्मस्थान परिसर स्थित केशव वाटिका के लीला मंच पर फाग महोत्सव में लोकगीत, भजन, रसिया, छंद आदि की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। केशव वाटिका में प्रिया-प्रियतम की अलौकिक लीला के दर्शन कर उपस्थित श्रद्धालुजन अभिभूत होकर झूम उठे।
विज्ञापन

3 of 7
होली के मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार - फोटो : अमर उजाला
इस दौरान कभी जगदीश ब्रजवासी और शालिनी शर्मा ने ब्रज के परंपरागत लोकगीत का गायन किया तो  दिनेश मिश्रा के संगीत की मधुर ध्वनि ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। होली पर विभिन्न नृत्य का दर्शन कर श्रद्धालुजन आनंदित हो उठे। इसमें रमेश पाल ग्रुप का चांचरिया नृत्य, राजेश शर्मा के कलाकारों ने भी अपनी सुंदर प्रस्तुति दीं। फूलों की होली, मयूर नृत्य के सुंदर दृश्य को देख भक्तों की तालियां गूंजती रहीं।

4 of 7
संत गुरु शरणानंद महाराज ने मंच पर विराजमान श्रीराधाकृष्ण के स्वरूप की आरती की - फोटो : अमर उजाला
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ संत गुरु शरणानंद महाराज ने मंच पर विराजमान युगल सरकार श्रीराधाकृष्ण के स्वरूप की आरती कर किया। इस मौके पर महाराजश्री का स्वागत संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, लठामार होली समिति के किशोर भरतिया, नंदकिशोर अग्रवाल, अनिल आदि ने किया। 
विज्ञापन

5 of 7
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हुई लठामार होली - फोटो : अमर उजाला
सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत लठामार होली का भव्य आयोजन किया। रावल से आए हुरियारे और हुरियारिनों ने उड़ते गुलाल के बीच लठामार होली खेली। मंदिर परिसर में विशेष यंत्रों की मदद से गुलाल की बरसात हुई। यह क्रम करीब आधा घंटे तक अनवरत चला। इससे श्रीकृष्ण जन्मस्थान प्रांगण गुलाल से होली के रंग में रंग गया।
विज्ञापन

6 of 7
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी पर लाठी चटकाती हुरियारिन - फोटो : अमर उजाला
रंगभरनी एकादशी के दृष्टिगत श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में सुरक्षा का खास पहरा रहा। आसपास क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया। गोविंद नगर और मुख्य द्वार पर विशेष चेकिंग के इंतजाम किए गए। वाहनों का आवागमन भी श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में रोक दिया गया। मंदिर परिसर में प्रवेश दौरान विशेष सतर्कता बरती गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर होली की धूम - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्मस्थान की होली देखने से लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। आसपास की सड़कों पर भीड़ के कारण जाम लगा रहा। ऑटो और टेंपो के कारण भी जाम में लोग फंसते रहे। सुबह से लेकर शाम तक यही स्थिति रही।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें