फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश ने बरपाया कहर: आगरा में सड़कें हुईं गायब, पांच मकान ढहे, दुकानों में भर गया पानी; तबाही की तस्वीरें

Wed, 03 Jun 2026 10:30 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में तेज आंधी और बारिश से बालूगंज में पांच मकान ढह गए, फतेहपुर सीकरी में टिनशेड गिरने से कई लोग घायल हो गए और कमला नगर में पेड़ कार पर गिर गया। शहर के प्रमुख बाजारों में जलभराव से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ, जिससे व्यापारी और स्थानीय लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।
विज्ञापन
1 of 12
आगरा में बारिश ने मचाई तबाही - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में सोमवार रात दो बजे आंधी के बाद आई तेज बारिश शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक आफत बनकर बरसी। बारिश की वजह से सड़कें तालाब बन गईं। बालूगंज में बेनी सिंह इंटर कॉलेज के अंदर से निकल रहा नाला ढह गया। इससे नजदीक बने एक ही परिवार के पांच मकान ढह गए। मलबे में दबकर एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहीं, फतेहपुर सीकरी में एक गांव में घर की टिनशेड गिरने से दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। कमला नगर में कार पर नीम का पेड़ गिर गया। जलभराव के कारण गलियों से लेकर हाईवे तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

बालूगंज के पार्षद जयदीप सोनकर ने बताया कि सभी मकान एक ही परिवार के लोगों के थे। इनमें मुकेश, विनोद कुमार सोनकर, अतेश सोनकर, अजय, अनिल सोनकर के मकान ढहे हैं। मलबे में गृहस्थी का सामान दब गया। पांच मकान ढहने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। अन्य छह घरों में भी दरारें आ गई हैं। मलबा गिरने के कारण अतेश के पैर में चोट आई, उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
 
विज्ञापन

2 of 12
ढह गया मकान - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उधर, फतेहपुर सीकरी के गांव चौमा शाहपुर निवासी रमेश लोधी के बड़े बेटे राधे राजपूत के मकान के बाहर टिनशेड और छत की पट्टियां तेज आंधी-बारिश के दौरान अचानक गिर गईं। उस समय टिनशेड के नीचे परिवार के लोग सो रहे थे। हादसे में राधे राजपूत, उनकी पत्नी मिथलेश, पुत्र नैतिक और विवेक राजपूत घायल हो गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए भरतपुर अस्पताल भेज दिया। बाह सीएचसी में बारिश के दौरान तेज हवा से वाटर कूलर पर पड़ा टिनशेड उड़ कर क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन

3 of 12
मकान - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मलबा हटवाया, विधायक ने बंधाया ढाढ़स
पार्षद जयदीप सोनकर ने रात में ही सदर तहसीलदार को फोन किया और एसीपी को जानकारी दी। दिनभर प्रशासन की टीम ने मलबे से घरों का सामान निकलवाया और मलबा हटवाया। दिन में सूचना पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढाढ़स बंधाया और डीएम से मिलकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित मुकेश सोनकर ने कहा कि बेनी सिंह इंटर कॉलेज के अंदर से निकले नाले की सफाई कराई गई होती तो ओवरफ्लो नहीं होता और उनके मकान नहीं गिरते। उन्हें मुआवजा दिलाया जाए।

4 of 12
दुकान में भरा पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दुकानों में भरा दो फीट पानी, करोड़ों का नुकसान
व्यापारियों पर सोमवार की रात आफत बरसी। राजामंडी, शिवाजी मार्केट, सुभाष बाजार से लेकर लोहामंडी, शाहगंज, आवास विकास कॉलोनी, राजपुर चुंगी, टेढ़ी बगिया तक नाले ओवरफ्लो होने से बारिश का पानी दुकानों में भर गया। जूता, चप्पल से लेकर पर्स, रेडीमेड गारमेंट्स व किराना का करोड़ों रुपये कीमत का माल खराब हो गया। नुकसान से परेशान व्यापारियों ने सरकार से मुआवजा मांगा है।
विज्ञापन

5 of 12
टूट गया नाला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजा मंडी बाजार स्थित लाभचंद मार्केट की 60 से अधिक दुकानों में पानी भरने से माल बर्बाद हो गया। मंगलवार सुबह पहुंचे व्यापारियों को दुकान में नाले का दो फीट तक गंदा पानी भरा मिला। वह बाल्टी लेकर पानी निकालते रहे। घड़ी शोरूम संचालक नरेंद्र ने बताया कि बारिश का पानी भरने से 10 लाख रुपये का माल खराब हो गया। कपड़ा व्यापारी मनोज ने बताया कि सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन

6 of 12
दुकान से पानी निकालता कर्मचारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लोहामंडी निवासी गोपाल ने बताया कि उनकी किराना दुकान में पानी भरने से खाद्य पदार्थ खराब हो गए हैं। आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का कहना है कि सुभाष बाजार सहित पुराने शहर के अधिकांश बाजारों में नुकसान की भरपाई नगर निगम से कराई जाए। निगम ने नालों की सफाई नहीं कराई, इसलिए व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
विज्ञापन

7 of 12
बेसमेंट में भर गया पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाजी मार्केट के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
काजीपाड़ा नाला उफनाने से शिवाजी मार्केट में भरे गंदे पानी और सिल्ट से व्यापारियों का माल खराब हुआ तो उन्होंने बिजलीघर चौराहे पर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारी नेता श्याम भोजवानी ने कहा कि निगम ने नाले की सफाई ही नहीं कराई। सेनेटरी इंस्पेक्टर झूठ बोलते रहे। काजीपाड़ा नाले के जाल के नीचे कचरा भरा था, जिस वजह से पानी सड़क पर भर गया। अब निगम नुकसान की भरपाई करे। मामले की जानकारी पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह को मौके पर भेजा। व्यापारियों ने उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। सेक्टर चार, राजपुर चुंगी, कमला नगर, बल्केश्वर और अलबतिया रोड की दुकानों में पानी भरने से व्यापारियों का बड़ा नुकसान हुआ है।
 

8 of 12
सड़क पर पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आंधी-बारिश से बिजली गुल, पानी को तरसे लोग
सोमवार रात आई तेज आंधी-बारिश ने बिजली उड़ा दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में फॉल्ट, बेसमेंट में पानी भरने, बिजली के पोल टूटने और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। रातभर अंधेरे में रहे लोगों को सुबह बिजली नसीब हुई।
 

9 of 12
हाईवे का हाल - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शहर के पश्चिमपुरी, शास्त्री नगर, जवाहर नगर, कालिंदी विहार समेत कई इलाकों में देर रात हुई तेज बारिश के चलते बेसमेंट में पानी भर गया। इस जगह कई जगह लाइट ट्रिप हो गई। वहीं, कुछ जगह बेसमेंट में पानी भरने की सूचना के चलते टोरंट पाॅवर ने संबंधित क्षेत्र में एहतियातन सप्लाई बंद कर दी।

10 of 12
कार पर गिर गया पेड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कंपनी के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मीटर को नुकसान पहुंचे या पानी में करंट उतरने की आशंका को देखते हुए कुछ स्थानों पर सप्लाई बंद की गई थी। सुबह जैसे-जैसे लोगों ने बेसमेंट से पानी हटने की सूचना दी, निरीक्षण कराकर उन क्षेत्रों में सप्लाई सुचारु कर दी गई। रातभर सप्लाई बंद रहने की वजह से कुछ जगह लोगों को पीने का पानी भरने में परेशानी हुई।

11 of 12
धंस गया नाला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और बारिश के चलते बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। क्षेत्र में 39 बिजली पोल टूटकर गिर गए, जबकि 20 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते करीब 18 गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सब डिवीजन फतेहाबाद क्षेत्र में 19 बिजली पोल टूट गए तथा छह ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन

12 of 12
बेसमेंट की दुकानों में भर गया पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वहीं सब डिवीजन धिमिश्री क्षेत्र में 20 बिजली पोल गिर गए और 14 ट्रांसफार्मर खराब हो गए। कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर उठानी पड़ी। एसडीओ फतेहाबाद गौरव राजपूत ने बताया कि सब डिवीजन फतेहाबाद और धिमिश्री क्षेत्र में कुल 39 बिजली पोल टूटे हैं तथा 20 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें