आगरा में जूता कारखाना संचालक की आठ साल की बेटी की हत्या किराएदार सुनील ने बड़ी बेरहमी से की थी। हत्या करने के बाद उसने कमरे में जो खून बहा, उसे पानी से धोया। इसके बाद लाश को आटे के ड्रम में ठूंस दिया।
बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने कई बिंदुओं पर पड़ताल की है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। बालिका आखिरी बार जिस दुकान पर गई, उस दुकानदार से पूछा गया। 50 से अधिक घरों की तलाशी ली गई। खोजी कुत्ते को भी बुलाया गया। आरोपी सुनील बहुत चालाक है। उसने हत्या के बाद बचने की तैयारी कर ली थी। कमरे में खून को पानी से धो दिया था। ड्रम भी ले जाता। मगर पुलिस के आने की वजह से सफल नहीं हो सका।
बालिका के परिजन ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर तीन बजे सुनील घर के पास ही घूम रहा था। उसने घटना से कुछ देर पहले ही उनसे चाकू भी मांगा था। बेटी ट्यूशन जाने की तैयारी कर रही थी। वह बहाने से उसके पास आया। उसे 50 रुपये देकर चिप्स और प्लास्टिक के गिलास मंगवाए थे। बेटी गली के बाहर दुकान पर गई थी। वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चिप्स और गिलास लेकर जाने की पुष्टि दुकानदार ने कर दी।
विज्ञापन
2 of 9
बच्ची के घर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आशंका है कि गिलास देने जब गई तो बालिका की हत्या कर दी गई। दो फीट के ड्रम में उसे उल्टा ठूंसकर छिपाया गया। बालिका की मां ने उसे सफाई करते देखा था। पूछने पर कहा कि कमरे में गंदगी अधिक थी। बालिका की चप्पल छत पर पड़ी थी। मां ने समझा कि वह छोड़कर चली गई होगी। वह ऐसा व्यवहार कर रहा था कि कुछ हुआ नहीं है। सामान्य रूप से तलाश का स्वांग करता रहा।
विज्ञापन
3 of 9
बच्ची के घर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तांत्रिक बहन की मदद दिलाने का किया वादा
परिजन ने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे बालिका की तलाश होने पर सुनील कमरे से निकल आया। उनके साथ तलाश में लग गया। बाइक पर परिवार के लोगों के साथ पोस्टर चिपकाने जाने की कहने लगा। पुलिस चाैकी पर भी गया। रात में पुलिस ने जब तलाश की तो रात नाै बजे गायब हो गया। बुधवार सुबह सात बजे भी बालिका के ताऊ को कॉल किया। उनसे पूछा कि बेटी मिली या नहीं। उनके मना करने पर कहने लगा कि शाहगंज में उसकी बहन रहती है। वह तांत्रिक है। वह उन्हें उसके पास ले चलेगा। वह बता देंगी कि बेटी कहां पर है। इस पर ताऊ ने उसे बुला लिया। वह जैसे ही घर पहुंचा, पुलिस भी आ गई। यह देखकर वह भाग गया।
4 of 9
बच्ची के घर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आरोपी की ससुराल टूंडला पहुंची पुलिस
आरोपी सुनील की ससुराल टूंडला में है। उसकी नशेबाजी से पत्नी छोड़कर चली गई है। मां-पिता भी परेशान थे। उसके साथ नहीं रहना चाहते थे। बस्ती के लोग भी उसकी हरकतों से परेशान थे। मगर किसी ने सोचा नहीं था कि वो हत्या कर डालेगा।
विज्ञापन
5 of 9
बच्ची के घर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आरोपी के कमरे में किया बेंजिडीन टेस्ट
विधि विज्ञान प्रयोगशाला के डिप्टी डायरेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि फर्श पर खून के धब्बों की उपस्थिति का पता लगाने के लिए बेंजिडीन टेस्ट किया जाता है। इसमें संदिग्ध स्थान से नमूना लेकर उस पर बेंजिडीन को केमिकल के घोल के साथ निर्धारित स्थान पर डाला जाता है। नीला-हरा रंग आना रक्त की मौजूदगी की पुष्टि करता है। यह परीक्षण हीमोग्लोबिन के ऑक्सीकरण पर आधारित है। अगर नमूने के साथ अन्य कोई कण भी आ जाते हैं तो स्प्रेक्ट्रोफोटोमीटर टेस्ट की आवश्यकता होती है।
विज्ञापन
6 of 9
बच्ची के घर जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस की जांच के बिंदु
- आरोपी सुनील ने बालिका को अपने कमरे में बुलाया था। उसकी हत्या कर ड्रम में छिपा दिया। घटना के पीछे गलत नीयत भी हो सकती है।
- बच्ची के पिता से आरोपी का किराए के लिए झगड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि परिजन धमकी देने की बात बता रहे हैं।
- पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनील के पकड़े जाने के बाद ही स्थिति साफ होगी। वह चालाक है। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी कर चुका था।
- पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी ने घर में रखे कपड़ों को भी धो दिया था। फर्श से खून साफ कर दिया था। पुलिस ने कपड़ों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। वहीं वैज्ञानिकों ने भी साक्ष्य संकलन किया है।
विज्ञापन
7 of 9
मासूम बच्ची की मां
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मां बोली, नवरात्र में छीन ली मेरी नन्हीं जान
बालिका की हत्या के बाद से परिवार बेहाल है। मां का कहना है कि नवरात्र में देवी मां की पूजा अर्चना चल रही है। मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था जो उसकी जान ले ली। सुनील जब भी घर आता था, बेटियां उसे चाचा कहकर बुलाती थीं। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वो उसकी जान ले लेगा। नवरात्र में उसने नन्हीं जान को छीन लिया। छोटी बहन भी बार-बार बड़ी बहन का नाम ले रही थी। उसे मां किसी तरह संभाल रही थी। पिता का कहना था कि अगर बदला लेना ही था तो उनसे लेता। बेटी ने क्या बिगाड़ा था।
8 of 9
पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता ने कहा कि आरोपी को फांसी दी जाए
पिता का कहना था कि आरोपी को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे। उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाएं। कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उसे फांसी की सजा दिलाई जाए। यही मांग मोहल्ले के लोगों ने भी की।
नेताओं ने परिवार को दिया आश्वासन
ताजगंज क्षेत्र में बालिका की हत्या की घटना के बाद बृहस्पतिवार को पीड़ित से मिलने के लिए जनप्रतिनिधि पहुंचे। छावनी के विधायक डाॅ. जीएस धर्मेश ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस से भी बात की। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा। वहीं समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना अमानवीय है। यह पूरे समाज के लिए कलंक है। कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से संवेदना व्यक्त कीं। इस दाैरान नरेंद्र कुमार, नासिर, रोहित आदि माैजूद रहे। वहीं पूर्व विधायक कालीचरन सुमन भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। प्रशासन से मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करें।