उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में मां गंगा के अवतरण दिवस गंगा दशहरा पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जिले के गंगाघाटों पर डुबकी लगाकर पुण्यलाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने गंगास्नान कर पूजा अर्चना करते हुए साधु संतों को दान पुण्य भी किया। गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया एवं पहरावनी की। पूरे दिन गंगा पर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। मां गंगा की आरती उतार के श्रद्धालुओं ने मनोकामनाएं कीं।
तीर्थनगरी सोरों, लहरा, कछला, कादरगंज एवं इस्माइलपुर गंगाघाटों पर बुधवार की सायं से ही श्रद्धालुओं ने डेरा जमा लिया था। रात्रि के समय श्रद्धालुओं ने कहीं कीर्तन तो कहीं भजन के कार्यक्रम आयोजित करके गंगा की महिमा का गायन किया। बृहस्पतिवार की सुबह भोर के साथ ही गंगाघाटों के मंदिरों में जैसे ही घंटे घडिय़ाल की आवाजें सुनाई दीं। वैसे ही श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। जैसे जैसे दिन खुलता गया वैसे ही वैसे श्रद्धालुओं की संख्या गंगाघाटों पर बढ़ती जा रही थी। सुबह 6 बजे सभी गंगाघाटों पर चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम ही नजर आ रहा था।
विज्ञापन
2 of 7
Ganga Dussehra 2022
- फोटो : अमर उजाला
हर कोई गंगा की रेतीली तलहटी में दौड़ता हुआ गंगा की धार की ओर बढ़ रहा था जिससे वह जल्दी गंगा स्नान कर सके। श्रद्धालुओं के बीच ऐसी प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही थी। दोपहर तक गंगाघाटों पर भीड़ का जबरदस्त दवाब बना रहा। दूरस्थ इलाकों के लोग रात को ही यहां पहुंच गए थे, सुबह के समय गंगास्नान करने के पश्चात वापस प्रस्थान कर गए। वहीं आस पास के इलाके के लोगों का दोपहर तक पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। तमाम श्रद्धालु गंगा मां का दूध से अभिषेक करते नजर आए, वहीं तमाम गंगाभक्त गंगा की पहरावनी करते नजर आ रहे थे। पूजा अर्चना का सिलसिला दिनभर गंगाघाटों पर चलता रहा। गंगाघाटों पर भंडारे के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जहां श्रद्धालु साधु-संतों और भिक्षुओं को भोजन कराके दान दक्षिणा भेंट कर रहे थे। उमस भरी गर्मी के बीच अगाध श्रद्धा के साथ पुण्य कार्यों में जुटे नजर आ रहे थे।
विज्ञापन
3 of 7
Ganga Dussehra 2022
- फोटो : अमर उजाला
गंगाघाटों पर युवाओं और बच्चों के बीच मस्ती का आलम देखा गया। गंगास्नान करते समय युवक-युवतियों की टोलियां पिरामिट बनाकर गंगा के जल में छलांग लगा रहे थे। वहीं गंगा में कोई दौड़ लगा रहा था तो कोई बॉल से खेल रहा था। परिवार और बच्चों के साथ मस्ती का आलम अलग ही नजर आ रहा था।
4 of 7
बच्चों के मुंडन के लिए ले जाते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
गंगाघाट पर बड़ी संख्या में बच्चों के मुंडन संस्कार भी किए गए। गंगाघाटों पर मुंडन संस्कार के लिए बारबरों की कमी नजर आ रही थी। तमाम परिवारीजन बारबरों के पास अपने बच्चों के मुंडन कराने के लिए प्रतीक्षा करते नजर आ रहे थे। जिन परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए उनके द्वारा दान दक्षिणा भी दी गई।
विज्ञापन
5 of 7
वाहनों की रही कमी
- फोटो : अमर उजाला
गंगा स्नान के लिए आने जाने वाले श्रद्धालुओं को वाहनों की कमी का सामना करना पड़ा। वाहन न मिलने के कारण लोग टेंपो व अन्य वाहनों पर लटके सवार नजर आ रहे थे। श्रद्धालु मजबूरी में वाहनों की छतों पर यात्रा करने को मजबूर थे। भरतपुर के श्रद्धालु श्याम ने बताया कि वह सोरों से कछला आए हैं, लेकिन काफी भीड़ होने के कारण टेंपो की छत पर उन्हें बैठना पड़ा।
विज्ञापन
6 of 7
गंगास्नान के लिए जातीं महिला श्रद्धालु नाचते हुए
- फोटो : अमर उजाला
गंगास्नान को पहुंचे तमाम श्रद्धालुओं ने नौका विहार का जमकर आनंद लिया। कोई नाविक के द्वारा चलाई जा रही वोट में बैठा था तो कोई मोटर वोट में बैठकर नौका विहार का आनंद ले रहा था। बच्चों में नौका विहार को लेकर काफी क्रेज नजर आया।
एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि गंगा दशहरा पर कछला, लहरा, हरि की पौड़ी व अन्य गंगाघाटों पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सायं तक गंगास्नान किया है। शुक्रवार को भी गंगा दशहरा पर्व का मुहूर्त है। आज भी गंगास्नान को श्रद्धालु पहुंचेंगे।