अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की संकटग्रस्त सूची में शामिल तेंदुए का कुनबा चंबल में बढ़ने से उत्साहित वन विभाग आठ महीने में चौथी मौत से चिंतित है। आगरा के बाह से लेकर इटावा तक पड़ताल कर तेंदुओं के विचरण पर नजर रखी जा रही है। सोमवार को हरलालपुरा गांव के बीहड़ में एक तेंदुआ मृत पाया गया। एक दिन पहले ही तेंदुए ने एक किसान पर हमला किया था। हालांकि तेंदुए की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजा गया है। इस मामले में वन विभाग ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इससे पहले 13 मई को खेड़ाराठौर के सिमराई गांव में तेंदुए का शिकार हुआ था। 26 जून को खिरीटी गांव में स्कूल के शौचालय में तेंदुए का शव मिला था। 10 अक्तूबर को भी इटावा के हनुमंत पुरा बीट के पसिया गांव के पास एक तेंदुआ मृत पाया गया था।