फिरोजाबाद के टुंडला में पूर्व प्रधान और उनके बेटे की हत्या के मामले में जानकारी सामने आई है कि 14 बीघा जमीन के लिए डेढ़ दशक से लड़ाई चल रही थी। आरोपियों ने पहले ही एलान कर दिया था कि जमीन जोतने आए तो जान से मार देंगे। जमीन बेचने वाले शख्स ने अपने दो बेटों के साथ गांव छोड़ दिया था।
फिरोजाबाद के टूंडला में पूर्व प्रधान अरविंद यादव (55) और उनके बेटे नितिन यादव (27) की हत्या 14 बीघा जमीन के लिए की गई। यह जमीन पड़ोस के गांव में है, जिसे अरविंद यादव ने गांव के लिए एक व्यक्ति से खरीदी थी। हत्यारोपियों ने पहले ही एलान कर दिया था कि जमीन जोता तो जान से मार देंगे।
जमीन बेचने वाले व्यक्ति बैनामा कर अपने दो पुत्रों के साथ गांव छोड़कर चले गए जबकि उनके दो पुत्रों ने इसका विरोध किया था। विरोध करने वाले पक्ष ने डेढ़ दशक तक पूर्व प्रधान अरविंद यादव को उस जमीन को जोतने नहीं दिया। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद बीते 20 मई को प्रशासन की ओर से कब्जा दिलाने के बाद दोनों पिता-पुत्र रविवार को जब जमीन जोतने पहुंचे तो उनकी हत्या कर दी गई।
विज्ञापन
2 of 14
घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : संवाद
थाना नगला सिंघी के गांव टीकरी निवासी साहब सिंह यादव ने करीब 15 वर्ष पूर्व अपने ही दो पुत्रों से परेशान होकर 14 बीघा जमीन पूर्व प्रधान अरविंद यादव को बेच दी थी। यह जमीन गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गांव प्रेमपुर में स्थित है। जमीन बेचने के बाद साहब सिंह अपने दो पुत्रों हुब्बलाल यादव व देवेंद्र यादव को गांव में ही छोड़कर दो अन्य पुत्रों जितेंद्र यादव व नरेंद्र यादव को साथ लेकर गांव छोड़कर चले गए।
विज्ञापन
3 of 14
अरविंद यादव की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद
20 मई को मिला था कब्जा
चोरी-छिपे जमीन का बैनामा होने पर हुब्बलाल, देवेंद्र व उसके परिजन ने पूर्व प्रधान अरविंद यादव के परिवार से दुश्मनी पाल ली। उन्होंने अरविंद यादव को तब से अब तक जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया। अरविंद यादव कई बार पुलिस बल के साथ खेत जोतने पहुंचे लेकिन सफलता नहीं मिली। 20 मई को कब्जा मिलने के बाद रविवार को अरविंद यादव अपने बेटे नितिन यादव के साथ जब खेत जोतने पहुंचे तो हुब्बलाल, भोला, विपिन, रवि, मनीष, सनी व अन्य ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। एसएसपी ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।
4 of 14
घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
चार बीघा खेत लेकर राजीनामा को तैयार थे हत्यारोपी
ग्रामीणों ने बताया कि हुब्बलाल के परिजन पूर्व प्रधान से चार बीघा खेत वापस लेकर राजीनामा करने के लिए तैयार थे। ग्रामीणों ने दोनों के बीच राजीनामा कराने का भी प्रयास किया था लेकिन पूर्व प्रधान अरविंद यादव जमीन का कोई भी हिस्सा देने को तैयार नहीं थे।
विज्ञापन
5 of 14
घटनास्थल से शवों को लेकर जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कब्जा दिलाने के साथ ही कर दी थी हत्या की घोषणा
पीड़ित परिवार ने बताया कि प्रशासन की ओर से जब जमीन का कब्जा पूर्व प्रधान को दिलाया गया तभी आरोपी हुब्बलाल ने एलान कर दिया था कि अगर अरविंद यादव खेत जोतने गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पूर्व प्रधान ने हुब्बलाल के इस एलान को हल्के में लिया। पूर्व में वह पुलिस फोर्स के साथ ही खेत जोतने गए थे लेकिन कब्जा मिलने पर वह बिना पुलिस फोर्स के साथ खेत पर गए जिस पर उनकी हत्या कर दी गई।
विज्ञापन
6 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
गांव छोड़कर टूंडला में रहने लगे थे पूर्व प्रधान
आरोपी हुब्बलाल व पूर्व प्रधान अरविंद यादव का घर गांव में आसपास ही है। जमीन की रंजिश के चलते अरविंद यादव ने गांव छोड़कर टूंडला के हाईवे रिजेंसी में घर बना लिया था। वह परिवार के साथ टूंडला ही रह रहे थे। गांव में केवल खेती कराने के लिए ही जाते थे। रविवार को भी वह पुत्र नितिन के साथ टूंडला से ही खेत जोतने के लिए गांव आए थे।
विज्ञापन
7 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
नितिन की तीन माह पहले ही हुई थी शादी
पूर्व प्रधान के पुत्र नितिन यादव की शादी बीते फरवरी माह में हुई थी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में ऐसी दहशत है कि कोई भी ग्रामीण आरोपियों के बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पीएसी व पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
8 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वारदात देखते रहे ग्रामीण, कोई बचाने नहीं पहुंचा
हाईवे से बनकट होते हुए नगला सिंघी जाने वाले मार्ग के किनारे दिनदहाड़े पिता-पुत्र की हत्या होते कई लोगों ने देखा मगर कोई भी उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ किसान पास ही खेतों से चारा काट रहे थे। पुलिस पूछताछ में भी किसी ने घटना की जानकारी देने की हिम्मत नहीं दिखाई।
9 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
दोनों पक्षों में कई बार हुआ था झगड़ा
पूर्व प्रधान व उनके बेटे की हत्या से पूर्व लगभग हर साल हत्यारोपियों से विवाद होता था। कई बार केस भी दर्ज हुए थे। विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस ने भी कई बार प्रयास किया, लेकिन हुब्बलाल पक्ष बिना जमीन लिए समझौते को तैयार नहीं था।
10 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
ढाई घंटे तक मोर्चरी के बाहर रखा रहा पूर्व प्रधान का शव
रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद परिजन ने तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों के शव मोर्चरी में रखने से पहले ही रुकवा दिए। किसी तरह पुत्र का शव तो अंदर रखवा दिया गया लेकिन पिता का शव ढाई घंटे तक पोस्टमार्टम गृह के बाहर रखा रहा। परिजन ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को अंदर रखवाया।
11 of 14
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
गांव टीकरी निवासी पूर्व प्रधान अरविंद यादव और उनके पुत्र नितिन की जमीन के विवाद में बेरहमी से हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए थे। 5:30 बजे पुत्र का शव को अंदर रखवा दिया गया। लेकिन पिता का शव अंदर रखने से पहले ही परिजन ने हंगामा काटना शुरू कर दिया था।
12 of 14
firozabad double murder
- फोटो : अमर उजाला
जमीन विवाद में पूर्व प्रधान और उनके बेटे की हत्या
फिरोजाबाद के टूंडला में जमीन विवाद को लेकर पूर्व प्रधान और उनके बेटे की दिन दहाड़े गांव के ही लोगों ने फावड़ा से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भिजवा दिया। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पिता-पुत्र की हत्या से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। मृतक पूर्व प्रधान इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक धर्मेंद्र यादव के चाचा थे।
13 of 14
नितिन यादव की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद
थाना नगला सिंघी के गांव टीकरी निवासी पूर्व प्रधान अरविंद यादव (55) का गांव के ही हुब्बलाल यादव से जमीनी विवाद चला आ रहा है। इसको लेकर मामला तहसील न्यायालय में चल रहा था। 20 मई को एसडीएम अनुराधा सिंह के आदेश पर तहसीलदार राखी शर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर जमीन की नापतौल की थी। रविवार शाम 4:30 बजे के करीब पूर्व प्रधान अरविंद यादव अपने दूसरे नंबर के पुत्र नितिन यादव (27) के साथ खेत जुतवाने के लिए गए थे। तभी हुब्बलाल यादव उसके पक्ष के लोग आ गए। उन्होंने खेत जोतने का विरोध करते हुए पिता-पुत्र पर फावड़े से हमला कर दिया।
हमले में सिर में फावड़ा लगने और गर्दन कटने से पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पिता-पुत्र की दिनदहाडे़ हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही एसएसपी सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भिजवा दिया।