एटा के प्रमुख बाजार बाबूगंज में पहली बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बड़े स्तर पर हुई। शुक्रवार को नगर पालिका की टीम पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर बाजार पहुंची तो हड़कंप मच गया। बुलडोजर से कई दुकानों से स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों के साथ नगर पालिका कर्मियों की नोकझोंक भी हुई। विरोध देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। बाबूगंज के बाद घंटाघर बाजार से भी अतिक्रमण हटाया गया।
इन दिनों जीटी रोड पर सीवर लाइन के लिए खोदाई कार्य कराया जा रहा है। जिसके चलते यहां एक ओर से रास्ता बंद है। ज्यादातर लोग घंटाघर और बाबूगंज बाजार से गुजर रहे हैं। लेकिन अतिक्रमण के चलते वहां से निकलना दुश्वार रहता है। सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर के विभिन्न मार्गों पर तो नगर पालिका अक्सर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाती है। जबकि इस बाजार में पालिका के अधिकारी, कर्मचारी नहीं पहुंचते थे। लेकिन शुक्रवार को सुबह करीब 10.30 बजे पालिका की टीम पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर बाबूगंज बाजार में पहुंच गई।