फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईद मुबारक: चांद का दीदार होते ही छाई खुशी, बाजारों में उमड़ी भीड़; ईदगाह-मस्जिदों में नमाज का ये रहेगा समय

Sat, 21 Mar 2026 12:04 AM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

ईद का चांद दिखने के बाद बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। मिठाई की दुकानों और किराना बाजार में भी त्योहार की वजह से रौनक देखने को मिली।
विज्ञापन
1 of 5
शाही जामा मस्जिद में भव्य सजावट। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चांद का दीदार होने के साथ ही शुक्रवार शाम को मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। चांद के दीदार के बाद यह तय हो गया कि शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।

मुकद्दस रमजान के महीने की इबादत के बाद ईद की तैयारियों ने शहर की फिजा को खुशियों से भर दिया। खरीदारों की चहलकदमी से पूरी रात मुस्लिम इलाकों के बाजार रौनक अफरोज रहे। घरों में त्योहार की तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। दस्तरख्वान पर परोसे जाने वाले पकवानों के लिए महिलाएं लगी रहीं।
 
विज्ञापन

2 of 5
ईद की खरीदारी करने उमड़ी भीड़। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रमजान के पूरे महीने रोजा, इबादत, तरावीह और जकात का सिलसिला चलता रहा। शुक्रवार को चांद दिखने की खबर मिलते ही लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देना शुरू कर दिया। बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, जबकि बड़े-बुजुर्गों ने इस दिन को अल्लाह की रहमत और इनाम का दिन बताया। शनिवार को ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। 

 
विज्ञापन

3 of 5
ईद के लिए खरीदारी करते लोग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चांद दिखने के बाद बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। कपड़ों की दुकानों, रेडीमेड गारमेंट्स, टोपी, इत्र और जूतों की दुकानों पर जमकर खरीदारी हुई। बच्चों के लिए नए कपड़े, युवाओं के लिए शेरवानी के साथ ही कुर्ता-पायजामा और बुजुर्गों के लिए पारंपरिक पहनावे की खरीदारी हुई। सेवइयां, सूखे मेवे, दूध, शक्कर और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर भी खासी चहल-पहल रही। मिठाई की दुकानों और किराना बाजार में भी त्योहार की वजह से रौनक देखने को मिली। नायब काजी मौलाना मोहम्मद उजैर आलम ने बताया कि रमजान की एक माह की इबादत के बाद ईद-उल-फितर तोहफे के रूप में आती है। भाईचारे के इस त्योहार को मोहब्बत और खुलूस के साथ मनाएं।


 

4 of 5
त्योहार पर बाजार में रही राैनक। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घरों में भी खास तैयारियां
ईद के मौके पर घरों में भी खास तैयारियां की गई हैं। महिलाएं मीठी सेवइयां, शीर खुरमा, दही-बड़े, कबाब और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाने की तैयारी में जुटी रहीं। घरों की साफ-सफाई के साथ सजावट भी की गई। मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
शाही जामा मस्जिद में अलविदा जुमा की नमाज अदा करते अकीदतमंद। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ईद की नमाज का समय
शाही ईदगाह मस्जिद में सुबह 7:00 बजे नमाज पढ़ी जाएगी। शाही जामा मस्जिद में 7:30 बजे, ताजमहल मस्जिद में 9:00 बजे, अकबरी मस्जिद में 8:00 बजे, मस्जिद मोअत्मद खां माल का बाजार पर 7:45 बजे, दो मीनार मस्जिद पीर जिलानी में 8:30 बजे, शाही मस्जिद कलां, साबुन कटरा पर 9:00 बजे, जाल वाली मस्जिद,फुलट्टी बाजार में 9:15 बजे, मस्जिद फतेहपुरी, ताजगंज में 8:45 बजे, शाही मस्जिद, लोहा मंडी में 9:15 बजे, अकबरी मस्जिद फव्वारा में 8:00 बजे,मस्जिद सुल्तान परवेज, कश्मीरी बाजार में 9:15 बजे, मस्जिद नूरी दरवाजा पर 9:15 बजे, ऊंची मस्जिद छिली ईंट घटिया पर 9:30 बजे, यमुनापार स्थित बाबरी मस्जिद में 9:45 बजे, मस्जिद रफीउज्जाम राजा मंडी पर 7:15 बजे ईद की नमाज होगी।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें