ताजमहल की शाही मस्जिद में रविवार की सुबह बकरीद पर मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद एक-दूसरे के गले मिलकर लोगों ने मुबारकबाद दी। इस दौरान ताजमहल में तीन घंटे तक निशुल्क प्रवेश रहा। नमाजियों के साथ पर्यटकों को भी निशुल्क प्रवेश मिला। बकरीद पर सुबह-सुबह बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। सुहाना मौसम और निशुल्क प्रवेश होने के कारण ताजमहल का दीदार करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
ताजमहल के अलावा आगरा की प्रमुख मस्जिदों में खुदा की इबादत में हजारों सिर झुके। मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद में बड़ी तादाद में लोगों ने नमाज अदा की। फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा-कासगंज में भी सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद का पर्व मनाया जा रहा है। बकरीद के पर्व पर आगरा मंडल के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई।