आज विजय दशमी है... राम ने रावण का वध करके अनाचार, अत्याचार और अंधकार पर विजय की स्थापना की। यह संदेश दिया कि अपने पुरुषार्थ और श्रेष्ठ आचरण से इंसान किसी भी बुराई का अंत कर सकता है। इस अवसर पर ‘अमर उजाला’ ने शहर में बुराइयों का अंत कराने के लिए प्रमुख लोगों के संकल्प को जाना ताकि शहर को सड़कों पर फैले कचरे, ट्रैफिक जाम, सीवर, धूल-धुआं, अपराध जैसी बुराइयों से निजात मिल सके।
शहर से कचरा खत्म कर दूंगा
मेयर नवीन जैन ने कहा कि शहर में कचरे की बुराई को खत्म करने का मेरा संकल्प है। शहर की गली, सड़कों को साफ कराने और आगरा को देश के टॉप 10 स्वच्छ शहरों में लाने का संकल्प लिया है। सड़कों पर बहता सीवर और शहर से डलावघर हटाने का प्रयास है।
क्रोध पर विजय पानी है
नवीन जैन ने बताया कि मुझे क्रोध ज्यादा आता है। दशहरा पर अपने अंदर की इस बुराई को खत्म करने का संकल्प लिया है।
जुआ-सट्टा बंद करा दूंगा- एसएसपी
एसएसपी बबलू कुमार ने व्यापक अभियान चलाकर जुआरियों और सटोरियों पर कार्रवाई करने का संकल्प लिया ताकि सामाजिक बुराई जुआ और सट्टा को खत्म कराया जा सके। इसमें जनसहयोग भी लिया जाएगा।
'सुबह जल्दी उठने की आदत डालूंगा'
बबलू कुमार ने बताया कि रात को सोने में देर हो जाती है, इसलिए देर से उठ पाता हूं। उन्होंने सुबह जल्दी उठने का संकल्प लिया है।
पानी की बर्बादी रोकूंगा- जलकल महाप्रबंधक
जलकल महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि 130 साल पुरानी हो चुकी पानी की लीक लाइनों से पानी बर्बाद न हो और तुरंत उन्हें जुड़वाकर एक एक बूंद सहेज सकूं, यह संकल्प लिया है। हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचे, इसका प्रयास रहेगा।
'फिटनेस के लिए योगाभ्यास करूंगा'
उन्होंने बताया कि सेहत के प्रति लापरवाही हो जाती है। इसे खत्म करना है। फिटनेस बनाने के लिए योगाभ्यास करूंगा।
वाहनों का कबाड़ा खत्म कराना है
आगरा परिक्षेत्र के आरटीओ (प्रवर्तन) अनिल कुमार ने संकल्प लिया है कि थानों से वाहनों का कबाड़ा खत्म कराना है। जब्तशुदा वाहन की रिपोर्ट सात दिन में कोर्ट में भेज देंगे। इससे वाहन स्वामियों को उनके वाहन मिल सकेंगे।
'देर तक जागने की आदत छोड़ दूंगा'
अनिल कुमार ने बताया कि देर तक जागने की आदत पड़ गई है। ड्यूटी न हो तो भी नींद नहीं आती। इस आदत को छोड़ दूंगा।
झोलाछापों की दुकानें बंद करा दूंगा- सीएमओ
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने झोलाछापों की दुकानें बंद कराने का संकल्प लिया है। इसके लिए अभियान चलवाउंगा। शहर से लेकर देहात कर टीमें कार्रवाई करेंगी।
टनियमित व्यायाम करुंगा'
उन्होंने बताया कि ड्यूटी के कारण खुद की सेहत के लिए समय निकालना मुश्किल होता है। इसमें सुधार करना है। विजयदशमी से ही रोज सुबह व्यायाम करने का संकल्प लिया है।
डिग्री की समस्या को दूर करना है- कुलपति
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक मित्तल ने डिग्री की समस्या को दूर करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को डिग्री व अंकपत्र के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इनको समय से डिग्री और अंकपत्र दिलाने के लिए ठोस कदम उठाऊंगा ताकि किसी को परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव में कोई भी कोताही नहीं बरतूंगा। संकल्प लिया है कि सामाजिक दूरी का सौ फीसदी पालन करना है।
स्कूलों में पढ़ाई सुचारू कराउंगा- डॉ. मुकेश अग्रवाल
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने कहा कि कोरोना के कारण माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित हुई है। सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को संक्रमण से बचाव की योजना पढ़ाई को सुचारू कराने का संकल्प लिया है।
डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि उन्हें गुस्सा जल्दी आ जाता है। इस पर नियंत्रण करना है। इसके लिए मनोविज्ञान का अध्ययन करूंगा।
समय पर देंगे आवश्यक सेवाएं
नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि नगर निगम अपनी बुनियादी सुविधाओं को देने में पारदर्शिता बरते और सेवाओं को सही समय पर दे, यह संकल्प लिया है। जिस अधिकारी, कर्मचारी की जिम्मेदारी है, वह अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाएगा।
'सेहत के प्रति लापरवाही छोड़ दूंगा'
सेहत पर ध्यान नहीं दे पाता है। यह लापरवाही है। इसे खत्म करने का संकल्प लिया है। अब फिटनेस पर ध्यान दूंगा।- निखिल टीकाराम फुंडे